नाहन (हिमाचलवार्ता)। जिला सिरमौर में मानसून की पहली ही बारिश ने कहर बरपाया है। जिला के औद्योगिक क्षेत्र कालाअंब के मोगीनंद में बादल फटने से कई उद्योगों में तबाही मचा दी है। बादल फटने से कारखानों में पानी भर जाने से जहां करोड़ों का कच्चा माल बर्बाद हो गया है।
वही उद्योग में तैयार माल भी ख़राब हो गया है। जानकारी के मुताबिक भारी बारिश के चलते कालाअंब मोगीनंद के रामपुर जटान स्थित ढाक वाला खड्ड पुल के पास से ब्लॉक हो गई। जिसके कारण इसका सारा पानी साथ लगती फैक्ट्री एआर इंडस्ट्रीज और इंडो फाइटोकेम फार्मास्यूटिकल में जा घुसा।
जानकारी के अनुसार इंडो फाइटोकेम और एआर इंडस्ट्रीज में सुबह करीब 5 फुट से भी अधिक पानी इकट्ठा हो गया था। इस जल तांडव के कारण इंडो फाइटोकेम फार्मास्यूटिकल फैक्ट्री और एआर इंडस्ट्रीज का करोड़ों का रो मटेरियल बर्वाद हो गया साथ ही मशीनरी को भी भारी नुकसान पहुंचा है।
भारी बारिश के कारण दोनों उद्योगों को करोड़ों रुपयों का नुकसान हुआ है। इंडो फाइटोकेम फार्मास्यूटिकल फैक्ट्री के सीएमडी दान सिंह और एआर इंडस्ट्रीज के जीएम अनिल सिंह ने बताया कि सुबह भारी बारिश के कारण उनका रॉ मैटेरियल और मशीनरी बर्बाद हो गई है। उन्होंने बताया कि फैक्ट्री में तीन से 4 फुट पानी भर गया। उद्योगों में जलभराव के चलते कारखानों को करोडो का नुकसान हुआ है।
