नाहन (हिमाचलवार्ता)। पांवटा साहिब गिरिपार क्षेत्र के राजपुर में वन विभाग की भूमि पर अवैध कब्जा रोकने के लिए एक 80 वर्षीय वृद्ध व्यक्ति ने आवाज उठाई है।
बुजुर्ग ने मुख्यमंत्री हेल्पलाइन पर शिकायत की लेकिन बावजूद इसके भी मकान का निर्माण कार्य अब तक नही रूका है।
जिस कारण वृद्ध व्यक्ति ने मुख्यमंत्री को पत्र लिखकर निराशा जाहिर की है। प्राप्त जानकारी के अनुसार राजपुर के नावी गांव के 80 वर्षीय मुंशी राम ने बताया की गांव में एक व्यक्ति वन विभाग की भूमि पर मकान का निर्माण कार्य कर रहा है।
जिसकी शिकायत पहले वन विभाग के अधिकारियों को की गई। लेकिन विभाग के अधिकारियों ने इस पर कोई गोर नहीं किया,जिसके बाद 24 जून को मुख्यमंत्री हेल्पलाइन पर शिकायत की गई।
वन विभाग के कर्मचारी मौके पर तो देखने जरूर आये लेकिन निर्माण कार्य को नहीं रूकवाया गया। जिसके कारण मकान का निर्माण कार्य दिन रात किया जा रहा है।
इस बारें में वन विभाग पांवटा साहिब के डीएफओ कुनाल अंग्रीश ने बताया की अभी तक इस तरह का मामला मेरे संज्ञान में नहीं आया है। उन्होंने कहा की अगर इस तरह का मामला है तो इसकी जांच की जायेगी।