नाहन (हिमाचलवार्ता)। जिला सिरमौर में पिछले कुछ दिनों से हो रही लगातार बारिश से जहां नुकसान हो रहा है वहीं बारिश कुछ फसलों के लिए लाभदायक साबित हो रहे हैं।
मीडिया से बात करते हुए कृषि विभाग के उपनिदेशक डॉ. पवन कुमार ने बताया कि पिछले कुछ दिनों से हो रही बारिश मक्की और धान की फसल के लिए काफी फायदेमंद है। उन्होंने बताया कि इस बारिश से मक्की और धान की फसल के उत्पादन पर गहरा प्रभाव पड़ेगा।
हालांकि अभी बारिश बहुत ज्यादा नहीं हुई है परंतु यदि ज्यादा बारिश होती है तो टमाटर अदरक जैसी नगदी फसलों के लिए नुकसानदायक साबित हो सकती है। अधिक बारिश से इन फसलों के पत्ते पीले पड़ सकते हैं और सड़न रोग आदि लग सकता है।
किसानों को यदि इस तरह की कोई समस्या आती है तो नजदीकी विकासखंड में विभाग के अधिकारियों से संपर्क कर सकते हैं। जिला सिरमौर के मैदानी इलाकों में धान की फसल मुख्य रूप से उगाई जाती है इसमें पांवटा साहिब , धौलाकुआं और कोलर आदि क्षेत्र शामिल हैं।
इस क्षेत्र के करीब 5000 हेक्टेयर भूमि पर किसान धान की फसल उगाते हैं। जबकि जिला सिरमौर के पहाड़ी इलाकों में मक्की की फसल मुख्य रूप से उगाई जाती है। इनमें राजगढ़, नोहराधार, हरिपुरधार,शिलाई आदि क्षेत्र आते हैं। इन क्षेत्रों में करीब 24000 हेक्टेयर भूमि पर मक्की की फसल मुख्य फसल के रूप से उगाई जाती है।
