नाहन (हिमाचलवार्ता)। पांवटा साहिब के देवी नगर स्थित वार्ड नंबर- 9 के एक युवक की संदिग्ध मौत पर पुलिस ने वार्ड के ही एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। यह गिरफ्तारी मृतक युवक की माता की शिकायत पर हुई है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार लक्ष्मी पत्नी स्व रासा निवासी मद्रासी कॉलोनी नजदीक देहरादून रेलवे स्टेशन रेस्ट कैंप ने पांवटा साहिब पुलिस के समक्ष शिकायत दर्ज करवाई है।
उसने शिकायत में कहा है कि उसका लड़का सूरज अपनी पत्नी दया और बच्चे के साथ वार्ड 9 देवी नगर मद्रासी कॉलोनी पांवटा साहिब में रहता है, जो 27 जुलाई को शाम लगभग 4 बजे से लापता हो गया था।
उसका शव 29 जुलाई को छछरोली में यमुना नदी के किनारे मिला। महिला ने बताया कि वह देहरादून में रहती है और बीच बीच मे अपने बेटे और बहु के पास यहां आ जाती थी , मनीष कुमार पुत्र सतीश पता उपरोक्त उसकी बहु दया पर काफी समय से बुरी नजर रखता था।
जिस कारण उसके लड़के सूरज उर्फ तम्बी की इस बात पर मनीष से काफी बार बहस भी हुई थी। जिस दिन उसका लड़का गायब हुआ उस दिन उसको एक फोन भी आया था तथा सूरज को तलाश करते जब हमने यमुना पुल पर कैमरे चेक किये तो सूरज उर्फ तम्बी के साथ 27 जुलाई को रिक्शा पर मनीष को विकासनगर की ओर जाते देखा है।
शिकायतकर्ता ने बताया कि उसका लड़का तैरना नहीं जानता था व पानी से डरता था। उसने आशंका व्यक्त की है कि मनीष ने उसके लड़के को कोई नशा या जहर देकर जान से मार के पानी में फेंक दिया है। जिस पर पुलिस ने धारा 302 के तहत मामला दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
पांवटा डीएसपी बीर बहादुर ने मामले की पुष्टि करते हुए कहा कि माता की शिकायत करने के बाद शक की आशंका में आरोपी को गिरफ्तार किया गया है।
