नाहन । विधायक एवं पूर्व विधानसभा अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल ने आज अपने एक दिवसीय धारटी क्षेत्र के प्रवास के दौरान पंजाहल पंचायत में करीब 70 लाख रुपये की लागत के दो भवनों का लोकार्पण किया। उन्होंने पंजाहल में हेल्थ सब सेंटर और रावमापा पंजाहल के नवनिर्मित भवनों का उद्घाटन किया।
इस अवसर पर अपने संबोधन में डा. बिंदल ने कहा कि राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला पंजाहल के जिस शानदार भवन का आज उद्घाटन हुआ है, इस भवन की प्रशासनिक स्वीकृति 70 लाख रुपये की थी और जिस पर 45 लाख रुपये खर्च हुए हैं।
इसी प्रकार पंजाहल के हेल्थ सब सेंटर भवन की प्रशासनिक स्वीकृति 40 लाख रुपये की थी जिस पर 25 लाख रुपये व्यय किए गए हैं। उन्होंने कहा कि संस्थान की जरूरत के हिसाब से इन भवनों के अतिरिक्त कार्य जारी रहेंगे।
डॉ. राजीव बिंदल ने कहा कि मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर के नेतृत्व में नाहन विधानसभा क्षेत्र में विकास के अभूतपूर्व कार्य हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि जब से प्रदेश में भाजपा की सरकार बनी है और जब से वह नाहन क्षेत्र के विधायक बने हैं उन्होंने धारटी क्षेत्र की समस्याओं और विकास की जरूरतों को गहराई के साथ गंभीरता से समझा और चरणबबद्ध ढंग से उनको पूरा किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि धारटी क्षेत्र की मूल समस्या सड़क, पुल, पेयजल, स्वास्थ्य और शिक्षण संस्थान थे जिसे दूर करते हुए हमने अभूतपूर्व और ऐतिहासिक उपलब्धियां हासिल की हैं।
डा. बिंदल ने कहा कि नाहन विधानसभा क्षेत्र वर्तमान में विकास के मामले में माडल विधानसभा क्षेत्र बनकर उभर रहा है। उन्होंने कहा कि वह अपनी संपूर्ण ऊर्जा के साथ लगातार और दिन-रात जन सेवा में लगे हैं और उन्हें जनता जनार्दन का आशीर्वाद मिल रहा है।
इस अवसर पर भाजपा जिला अध्यक्ष विनय गुप्ता, भाजपा मंडल अध्यक्ष प्रताप ठाकुर भाजपा पदाधिकारी, पंचायत प्रतिनिधि, सम्बन्धित विभाग के अधिकारी और अन्य गणमान्य लोग भी उपस्थित रहे।
