नाहन (हिमाचलवार्ता)। राजगढ थाना के तहत पडने वाली पुलिस चौकी यशवंतनगर मे एक नाबालिग लड़की को भगाकर ले जाने का मामला सामने आया है। लडकी के परिजनो ने इसकी शिकायत पुलिस चौकी यंशवत नगर मे दर्ज कराई है।
लडकी के परिजनो की और से की गई शिकायत के अनुसार उनकी लड़की को एक नेपाली युवक 22 अगस्त को भगा कर ले गया है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए साईबर सेल की मदद से युवक के फोन की डिटेल प्राप्त की। जिससे मालूम हुआ कि उसने किन्नौर में किसी व्यक्ति को फोन किया था।
पुलिस ने इस कड़ी को जोड़ते हुए किन्नौर में युवक व लड़की को खोजने की मुहिम चलाई। चौकी प्रभारी चेतन चौहान व मुख्य आरक्षी विकास ठाकुर के नेतृत्व में पुलिस दल ने बरसात के मौसम में अपनी जान जोखिम में डालकर और करीब दो किलोमीटर दुर्गम क्षेत्र में पैदल चल कर जिला किन्नौर के रारंग गांव से लड़की व युवक को पकड़ने में सफलता हासिल की।
डीएसपी भीष्म ठाकुर ने इसकी पुष्टि करते हुए कहा कि पुलिस ने मामला दर्ज करके छानबीन प्रारम्भ कर दी है, लड़की को उसके परिजनों को सौंप दिया गया है। उन्होंने बताया कि अदालत ने आरोपी को तीन दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया है।
