नाहन (हिमाचलवार्ता)। संगड़ाह के पंचायत समिति अध्यक्ष मेलाराम शर्मा ने रेफरल अस्पताल के लिए 4 स्पेशलिस्ट डॉक्टर नियुक्त करने के लिए राज्य सरकार का आभार व्यक्त किया है।उन्होंने बताया कि राज्य सरकार ने हाल ही में प्रदेश के विभिन्न अस्पतालों में सैंकड़ों विशेषज्ञ डॉक्टरों की तैनाती की है जिसमें से 11 विशेषज्ञ डॉक्टर सिरमौर जिला में नियुक्त किए हैं। उन्होंने कहा की चार डॉक्टरों की नियुक्ति ददाहू अस्पतालमें की गई है जबकि चार ही डॉक्टर पांवटा साहिब के हॉस्पिटल में तैनात किए गए हैं। दो स्पेशलिस्ट चिकित्सक डॉक्टर यशवंत सिंह परमार अस्पताल नाहन में लगाए गए हैं जबकि एक विशेषज्ञ चिकित्सक सरांह में तैनात किया गया है।
मेलाराम शर्मा ने बताया कि ददाहू अस्पताल में नियुक्त चार विशेषज्ञ डॉक्टरों में पैथोलॉजी की विशेषज्ञ चिकित्सक मोनिका सरोही, बाल रोग विशेषज्ञ आयुष सोपोरी, शल्य चिकित्सा विशेषज्ञ उज्जवल जैन और एनएसथीसियोलॉजी के विशेषज्ञ डॉक्टर वसुंधरा राखी शामिल है। मेलाराम शर्मा ने बताया कि ददाहू अस्पताल के लिए हरिपुरधार नोहराधार, संगड़ाह और गाताधार आदि से आपातकाल में दुर्घटनाग्रस्त मरीजों को ददाहू अस्पताल भेजा जाता है परंतु वहां विशेषज्ञ डॉक्टरों की कमी से मरीजों को भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। उन्होंने इन चार विशेषज्ञ डॉक्टरों की नियुक्ति के लिए मुख्यमंत्री श्री जयराम ठाकुर और स्वास्थ्य मंत्री डॉ राजीव सेहजल का आभार व्यक्त किया है।
उन्होंने सरकार से यह भी आग्रह किया है कि भविष्य में होने वाली नए डॉक्टरों की नियुक्ति के दौरान इस पिछड़े क्षेत्र के संगड़ाह हरिपुरधार और नोहराधार में खाली पड़े चिकित्सकों के पदों को प्राथमिकता के आधार पर भरा जाए। गौरतलब है कि हाल ही में टांडा और इंदिरा गांधी मेडिकल कॉलेज शिमला से पास आउट पीजी डॉक्टरों की तैनाती के आदेश सरकार द्वारा 27 सितंबर को जारी किए गए हैं जिसके तहत 11 डॉक्टरों की तैनाती सिरमौर जिला में की गई है।
