
नाहन (हिमाचलवार्ता)। नाहन-शिमला नेशनल हाईवे की खस्ता हालत को देखते हुए नाहन शहर में ब्लाॅक कांग्रेस कमेटी ने धरना प्रदर्शन किया। नाहन कांग्रेस भवन से शुरू हुआ धरना कालीस्थीन तालाब के पास खत्म हुआ, जहां कांग्रेसियों ने बैठकर सरकार की नाकामियों को लोगों के सामने रखा। कांग्रेस ने एनएचएआई और अन्य अधिकारियों को चेतावनी देते हुए कहा कि वह भाजपा की गुलामी करना बंद करे, अन्यथा आंदोलन और भी उग्र किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि मंहगाई इतनी बढ़ गई है कि पैट्रोल और डीजल 100 का आंकड़ा पार कर गया है जबकि रसोई गैस का सिलेंडर 1000 रुपये से भी ऊपर पहुँच चुका है अब तो केवल गरीब के कपड़े उतारने बाकी बचे हैं वे कब उतारे जाएं पता नहीं!
शहर में सड़कों की खस्ता हालत, पानी की समस्या और महंगाई को लेकर कांग्रेस ने जमकर नारेबाजी की। कार्यकर्ताओं का कहना है कि कांग्रेस द्वारा खस्ताहाल सड़कों को लेकर किए जा रहे धरने प्रदर्शन से घबराए नाहन के विधायक डॉ. राजीव बिंदल ने आनन-फानन में गड्डों को भरवाने का काम कराया। मीडिया ने सामने काम शुरू कारने का ड्रामा रचते हुए विधायक ने सड़क पर आकर मीडिया को बयान दिया कि मरम्मत का कार्य शुरू कर दिया है। अधिकारी भी नेताओं की चमचागिरि में लगे रहते हैं।
लोगों का चलना फिरना तक हुआ मुश्किल
कांग्रेस के प्रदेश महासचिव अजय सोलंकी ने कहा कि सड़कें और गालियां इतनी खराब हो गई हैं कि लोगों का पैदल चलना तक मुश्किल हो गया है। शहर को दिए जाना वाला पानी भी बिना फिल्टर के दिया जा रहा है। पानी में मिट्टी और कीड़े आ रहे हैं।
विभाग नेताओं की चमचागिरी करना करे बंद
सोलंकी ने जलशक्ति विभाग और पीडब्लूयूडी विभाग को चेताया कि नेताओं की पैरवी व चमचागिरी बंद करें। अन्यथा दोनों विभाग के खिलाफ कांग्रेसी मोर्चा खोल देंगे। नाहन की जनता बिंदल की चालबाजी को समझ चुकी है। भाजपा ने देश को महंगाई के दलदल में धकेल दिया है। लोगों को दो जून की रोटी मिलना मुश्किल हो गई है। कांग्रेस ने भाजपा को चेताया कि अगर महगाई को कम नहीं किया गया तो कांग्रेस धरना प्रदर्शन करेगी।
