नाहन (हिमाचलवार्ता)। पांवटा साहिब में अस्पताल की बिगड़ती हुई व्यवस्था को लेकर पांवटा कांग्रेस ने भी विश्रामगृह से अस्पताल तक एक रोष रैली निकाली। इस दौरान उन्होंने रेडियोलॉजिस्ट की मांग पर धरने बैठे व्यवस्था परिवर्तन मंच के सदस्यों का समर्थन किया व उनके साथ धरने पर बैठे।
इस दौरान कांग्रेस के पूर्व विधायक किरनेश जंग चौधरी ने कहा कि जब तक पांवटा अस्पताल में रेडियोलॉजिस्ट व अन्य मूलभूत सुविधाओं को पूरा नहीं किया जाता तब तक कांग्रेस पार्टी के सदस्य प्रदर्शनकारियों के साथ प्रदर्शन पर बैठेंगे और उनका समर्थन करेंगे।
इस दौरान उन्होंने कहा कि ऊर्जा मंत्री सुखराम चौधरी जो पावटा में विकास के दावे कर रहे है वो सब झूठ है। किरनेश जंग ने कहा कि अगर सुखराम ने विकास की बात करनी है तो वो सामने बैठ कर बात करे। इस दौरान उन्होंने कहा कि अस्पताल का जो भी कार्य हुआ वो कांग्रेस पार्टी के कार्यकाल में हुआ।
किरनेश जंग ने कहा कि अस्पताल के 100 बेड का उद्घाटन राजा वीरभद्र के द्वारा किया गया। उन्होंने कहा कि जब तक अस्पताल में सभी डॉक्टर की नियुक्ति नहीं की जाती तब तक कांग्रेस पार्टी धरना प्रदर्शन करती रहेगी।
इस दौरान कांग्रेस मण्डल अध्यक्ष अश्वनी शर्मा ने कहा कि अभी वो प्रदर्शनकारियों के समर्थन में धरने पर बैठे है। अगर जल्द ही अस्पताल में डॉक्टरों की नियुक्ति नही की गई तो एक दिन की भूख हड़ताल पर बैठेंगे। इस दौरान दर्जनों कार्यकर्ता मौजूद थे।
