नाहन 03 जुलाई (हिमाचल वार्ता न्यूज):-भारतीय जनता पार्टी महिला मोर्चा नाहन मंडल की कार्यकर्ताओं ने आज उपायुक्त रामकुमार गौतम के माध्यम से राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ अर्लेकर को एक ज्ञापन भेजा। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष के ब्यान को निंदनीय बताया। जिला महामंत्री पूजा तोमर और शिवानी वर्मा ने कहा कि कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष ने अपने ब्यान में गुड़िया केस को छोटी बात कह कर टाल दिया। जिस केस के बाद प्रदेश शर्मसार हुआ था, उस केस को कांग्रेस ने छोटी बात कह दी।
सदस्यों ने कहा कि प्रतिभा सिंह एक जिम्मेदार नेत्री हैं, सांसद हैं और मुख्य विपक्षी दल की वे अध्यक्षा हैं। 28 जून को लाहौल-स्पीति में एक जनसभा को संबोधित करते हुए उन्होंने सार्वजनिक तौर पर कहा कि गुडिय़ा रेप कांड एक छोटी सी घटना थी। यह कह कर उन्होंने संपूर्ण नारीजाति को कलंकित करने का कार्य किया है, उनसे इस प्रकार की टिप्पणी की उम्मीद नहीं की जा सकती थी।
भारतीय जनता पार्टी महिला मोर्चा प्रतिभा सिंह की टिप्पणी की कड़ी निंदा करती है और उन्हें अपने आपत्तिजनक बयान के लिए तुरंत प्रभाव से माफी मांगनी चाहिए। उन्होंने कहा कि अगर प्रतिभा सिंह प्रदेश की समस्त जनता से माफी नहीं मांगती है तो भारतीय जनता पार्टी महिला मोर्चा प्रदेश के अंदर उनके खिलाफ एक बड़ा जन आंदोलन खड़ा करेगी।