नाहन ( हिमाचल वार्ता न्यूज़)(एसपी जैरथ):- सिरमौर जिले की पुलिस भर्ती प्रक्रिया ने जोर पकड़ लिया है। दूसरे दिन महिला आरक्षी भर्ती परीक्षा में हिमाचल प्रदेश लोक सेवा आयोग द्वारा कुल 1100 महिला अभ्यर्थियों को एडमिट कार्ड जारी किए गए थे।
इनमें से 809 महिला अभ्यर्थियों ने परीक्षा में हिस्सा लिया। कठिन परीक्षा प्रक्रिया के बावजूद 214 महिला अभ्यर्थियों ने सफलता का परचम लहराया, जबकि 593 अभ्यर्थी इस परीक्षा में सफल नहीं हो सकीं।
बता दें कि सिरमौर में 11 फरवरी 2025 से 20 फरवरी 2025 तक पुलिस लाइन, नाहन में महिला व पुरुष आरक्षी पदों के लिए शारीरिक प्रवीणता एवं मापदंड परीक्षा का आयोजन किया जा रहा है। पुलिस उप महानिरीक्षक गुरु देव शर्मा की अध्यक्षता में यह भर्ती प्रक्रिया सुचारू रूप से संचालित हो रही है।
महिला अभ्यर्थियों की परीक्षा सफलतापूर्वक संपन्न होने के बाद अब पुरुष आरक्षी पद के लिए शारीरिक परीक्षा का आयोजन 15 फरवरी 2025 से 20 फरवरी 2025 तक किया जाएगा।