नाहन ( हिमाचल वार्ता न्यूज) (एसपी जैरथ):- पंचायती राज चुनाव 2026 के बीच जिला सिरमौर की कई पंचायतों ने चुनावी मुकाबले के बजाय भाईचारे, सहमति और सामाजिक एकजुटता का रास्ता चुनकर नई मिसाल कायम की है। जिला की 273 ग्राम पंचायतों में से 28 पंचायतें सर्वसम्मति से निर्विरोध चुन ली गई हैं। इन पंचायतों में अब मतदान की आवश्यकता नहीं होगी। नामांकन वापसी के अंतिम दिन कई पंचायतों में घंटों चली बैठकों, आपसी संवाद और ग्रामीण सहमति के बाद उम्मीदवारों ने अपने नाम वापस लिए, जिसके बाद पूरे पैनल निर्विरोध घोषित किए गए।जिला निर्वाचन अधिकारी एवं उपायुक्त प्रियंका वर्मा तथा जिला पंचायत अधिकारी विक्रम ठाकुर ने पुष्टि करते हुए बताया कि जिला सिरमौर में कुल 28 पंचायतें निर्विरोध चुनी गई हैं। प्रदेश सरकार की घोषणा के अनुसार इन पंचायतों को 25-25 लाख रुपये की प्रोत्साहन राशि भी मिलेगी, जिससे पंचायत स्तर पर विकास कार्यों को गति मिलेग
सबसे अधिक निर्विरोध पंचायतें शिलाई विकास खंड में सामने आई हैं। यहां 10 पंचायतों में ग्रामीणों ने चुनावी प्रतिस्पर्धा के बजाय सर्वसम्मति का रास्ता अपनाया। वहीं तिलौरधार विकास खंड में 5 पंचायतें निर्विरोध चुनी गई हैं। संगड़ाह विकास खंड में 4 पंचायतों ने सहमति से प्रतिनिधि चुने, जबकि राजगढ़ विकास खंड में भी 4 पंचायतों ने एकजुटता का संदेश दिया।इसके अलावा पच्छाद और पांवटा साहिब विकास खंड में 2-2 पंचायतें निर्विरोध चुनी गईं, जबकि ददाहू विकास खंड में 1 पंचायत में सर्वसम्मति बनी। दिलचस्प बात यह रही कि जिला मुख्यालय से जुड़े नाहन विकास खंड की एक भी पंचायत में सहमति नहीं बन पाई और यहां सभी पंचायतों में चुनावी मुकाबला होगा।
