नाहन ( हिमाचल वार्ता न्यूज) (एसपी जैरथ):- पुलिस थाना शिलाई में दर्ज सूचना के अनुसार 28 मई 2026 को दिन के समय बोलेरो कैम्पर (HP62-3397) टिम्बी से कुराया की ओर जा रही थी। वाहन में कुल नौ लोग सवार बताए गए हैं। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार जब वाहन चढ़ाई वाले हिस्से से गुजर रहा था, उसी दौरान चालक कथित रूप से वाहन से नियंत्रण खो बैठा। इसके बाद बोलेरो कैम्पर सड़क से करीब 10 से 15 मीटर नीचे ढलान वाली जगह में गिर गई। दुर्घटना की सूचना मिलते ही आसपास मौजूद स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। स्थानीय लोगों ने पुलिस और प्रशासन को भी घटना की जानकारी दी हादसे के बाद वाहन में सवार सभी लोगों को स्थानीय लोगों की सहायता से बाहर निकाला गया। दुर्घटना में इन्द्र सिंह पुत्र सजनू निवासी गांव सताहन, तारा देवी पत्नी इन्द्र सिंह, जीत सिंह पुत्र भोलर सिंह, लीला देवी पत्नी जीत सिंह, केसो देवी पत्नी स्वर्गीय सुन्दर सिंह, विनोद पुत्र इन्द्र सिंह, कुलदीप सिंह पुत्र अमर सिंह, शकुन्तला देवी पत्नी रघुवीर सिंह तथा कर्ण पुत्र रघुवीर सिंह घायल हुए। इनमें से शकुन्तला देवी, जीत सिंह और कर्ण को प्राथमिक उपचार के बाद आगे के उपचार के लिए पांवटा साहिब भेजा गया, जबकि इन्द्र सिंह, तारा देवी, केसो देवी, विनोद, कुलदीप और लीला देवी को सिविल अस्पताल शिलाई पहुंचाया गया। पुलिस के अनुसार सभी घायलों को अलग-अलग स्तर की चोटें आई हैं और चिकित्सकीय परीक्षण कराया गया है।
सिविल अस्पताल शिलाई में चिकित्सकों ने लीला देवी पत्नी जीत सिंह निवासी गांव सताहन, डाकघर सांगना, तहसील संगड़ाह जिला सिरमौर को जांच के बाद मृत घोषित कर दिया।
