शिमला ( हिमाचल वार्ता न्यूज) अंतरराष्ट्रीय शिमला समर फेस्टिवल-2026 के सांस्कृतिक कार्यक्रमों की श्रृंखला में आज सायं ऐतिहासिक गेयटी थिएटर, शिमला में ‘द बिगनर्स’ संस्था द्वारा हास्य नाटक “बिष्टी लाणी” का मंचन किया गया। यह नाटक विश्व प्रसिद्ध नाटककार अंतोन चेखव के चर्चित नाटक “द प्रपोजल” से प्रेरित है, जिसे हिमाचली परिवेश के अनुरूप रूपांतरित कर शिमला के रंगकर्मी कपिल देव शर्मा द्वारा प्रारूपित एवं निर्देशित किया गया है।
“बिष्टी लाणी” एक मनोरंजक हास्य प्रस्तुति है, जो समाज के संपन्न परिवारों में वैवाहिक संबंधों के माध्यम से आर्थिक हित साधने और संपत्ति के विस्तार की प्रवृत्ति पर व्यंग्य करती है। नाटक में मानवीय स्वभाव, सामाजिक रिश्तों तथा पारिवारिक महत्वाकांक्षाओं को हास्यपूर्ण घटनाओं के माध्यम से प्रस्तुत किया गया है।
नाटक को हिमाचली लोक संस्कृति एवं पहाड़ी कठबोली की महक के साथ हिंदी भाषा शैली में प्रस्तुत किया गया, ताकि सभी वर्गों के दर्शक इसका भरपूर आनंद ले सकें। संपूर्ण प्रस्तुति में शिमला क्षेत्र के ग्रामीण जीवन, संस्कृति और लोक व्यवहार की झलक देखने को मिली।
नाटक की कथा अमरु नामक पात्र के इर्द-गिर्द घूमती है, जो बद्री नाथ सोहटा की पुत्री सरला से विवाह करना चाहता है। किंतु छोटी-छोटी बातों और निरर्थक विवादों में उलझकर वह अपने मन की बात स्पष्ट रूप से व्यक्त नहीं कर पाता। घटनाक्रम के दौरान उत्पन्न हास्यास्पद परिस्थितियों के बीच सरला के पिता को आशंका होती है कि यह रिश्ता नहीं बन पाएगा। ऐसे में वह अपनी पुत्री का घर बसाने तथा पारिवारिक हितों को ध्यान में रखते हुए दोनों का विवाह सुनिश्चित कर देता है। विवाह के बाद भी दोनों पात्रों के बीच जारी रहने वाली नोकझोंक और बहसें दर्शकों को भरपूर मनोरंजन प्रदान करती है।
अंतरराष्ट्रीय शिमला समर फेस्टिवल-2026 के अंतर्गत आयोजित इस विशेष नाट्य प्रस्तुति में स्थानीय संस्कृति, लोकभाषा और रंगमंचीय अभिव्यक्ति का सुंदर समन्वय देखने को मिला।
