नाहन ( हिमाचल वार्ता न्यूज) (एसपी जैरथ):- हिमाचल प्रदेश राज्य विद्युत बोर्ड तकनीकी कर्मचारी संघ यूनिट नाहन ने नाहन विद्युत मंडल और कार्मिक वृत्त नाहन के अधिकारियों एवं कार्यालय स्टाफ के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। संघ ने आरोप लगाया है कि फील्ड में 24 घंटे सेवाएं देने वाले तकनीकी कर्मचारियों की प्रशासनिक और वित्तीय मांगों की लगातार अनदेखी की जा रही है, जिससे कर्मचारियों में भारी रोष है। संघ ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द समस्याओं का समाधान नहीं हुआ तो संगठन लोकतांत्रिक तरीके से आंदोलन शुरू करेगा। संघ के पदाधिकारियों का आरोप है कि तकनीकी कर्मचारियों की पदोन्नति की फाइलें लंबे समय तक लंबित रखी जाती हैं। पदोन्नति के बाद समय पर वेतन निर्धारण (पे फिक्सेशन) नहीं किया जाता और विभिन्न भत्तों व एरियर के भुगतान के लिए कर्मचारियों को बार-बार कार्यालयों के चक्कर लगाने पड़ते हैं। संघ का कहना है कि जब किसी कर्मचारी का भत्ता बंद करना हो या रिकवरी करनी हो तो तुरंत कार्रवाई कर दी जाती है, लेकिन कर्मचारियों के वैध भुगतान और भत्तों के मामलों में उन्हें लगातार टाल दिया जाता है। चरित्र सत्यापन से जुड़े मामलों में भी अनावश्यक देरी करने का आरोप लगाया गया है। संघ ने यह भी आरोप लगाया कि नियमित हुए कर्मचारियों के NPS खाते खुलवाने में दो-दो वर्ष तक का समय लगाया जा रहा है, जिससे कर्मचारियों को वित्तीय नुकसान उठाना पड़ रहा है। संघ ने सहायक लाइनमैन (ALM) नरेश कुमार का मामला भी उठाया। आरोप है कि 11 केवी लाइन पर कार्य करते समय करंट लगने से गंभीर रूप से घायल हुए कर्मचारी को विभागीय क्लेम का भुगतान घटना के पांच वर्ष बाद भी नहीं किया गया, जबकि इस संबंध में कई बार मामला उठाया जा चुका है।
Breakng
- हिमबस प्लस कार्ड से लाभान्वित होंगे सभी श्रेणियों के यात्रीः मुकेश अग्निहोत्री
- स्थानीय उत्पादों को मिलेगा नया मंच- डॉ. शांडिल
- हिमाचल प्रदेश देश के अग्रणी शिक्षित राज्यों में शामिल- डॉ शांडिल संसाधन कक्ष का किया लोकार्पण
- सार्वजनिक वितरण प्रणाली की जिला स्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित
- कांवड़ यात्रा को लेकर अलर्ट, हर मोड़ पर सिरमौर पुलिस, राष्ट्रीय राजमार्ग पर रहेगा पुलिस का कड़ा सुरक्षा पहरा : एसपी सिरमौर
- नाहन बिजली बोर्ड में बढ़ा फील्ड कर्मचारियों का आक्रोश, आंदोलन की चेतावनी
Thursday, July 30
