नाहन (हिमाचल वार्ता न्यूज):-उद्योग, संसदीय मामले एवं श्रम रोजगार मंत्री हर्षवर्धन चौहान ने शिलाई विधानसभा क्षेत्र के प्रवास के दौरान ग्राम पंचायत लोजा मानल में राजकीय उच्च विद्यालय लोजा के 15 लाख रुपये की लागत से नवनिर्मित अतिरिक्त कमरों का लोकार्पण किया। उन्होंने कहा इससे विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध होगा। जनसभा को संबोधित करते हुए उद्योग मंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार ग्रामीण क्षेत्रों में शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, पेयजल और विद्युत जैसी मूलभूत सुविधाओं को सुदृढ़ करने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने बताया कि शिलाई विधानसभा क्षेत्र में लगभग 500 करोड़ रुपये की लागत से विभिन्न विकास परियोजनाओं पर कार्य किया जा रहा है, जिनमें अधिकांश निर्माणाधीन हैं। उन्होंने कहा कि सरकारी विद्यालयों में पहली कक्षा से अंग्रेजी माध्यम शुरू किया गया है तथा प्रदेश के 157 सरकारी विद्यालयों में सीबीएसई पाठ्यक्रम लागू किया गया है। इनमें शिलाई, सतौन और कफोटा के विद्यालय भी शामिल हैं। इसके अतिरिक्त प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में राजीव गांधी राजकीय आदर्श डे-बोर्डिंग स्कूल स्थापित किए जा रहे हैं, ताकि विद्यार्थियों को आधुनिक सुविधाओं के साथ गुणवत्तापूर्ण शिक्षा मिल सके। उन्होंने बताया कि इस कार्यकाल में शिलाई विधानसभा क्षेत्र के सरकारी विद्यालयों में 125 से अधिक कमरों का निर्माण करवाया गया है।
हर्षवर्धन चौहान ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध करवाने के लिए स्वास्थ्य संस्थानों के आधारभूत ढांचे का विस्तार किया जा रहा है।
