नाहन ( हिमाचल वार्ता न्यूज) (एसपी जैरथ):-बैंक से नकदी निकालकर घर लौट रहे हैं तो सतर्क रहिए! हो सकता है कि बैंक से निकलते ही कोई आपकी रेकी कर रहा हो। नाहन में 80 वर्षीय बुजुर्ग के साथ हुई 50 हजार रुपये की चोरी की घटना ने शहर में लोगों की चिंता बढ़ा दी है। आरोप है कि दो से तीन युवक बैंक से ही बुजुर्ग का पीछा कर रहे थे और घर के गेट पर मौका मिलते ही उनकी जेब से नकदी निकालकर फरार हो गए। घटना के बाद अब बैंक से नकदी निकालने वाले बुजुर्गों और महिलाओं की सुरक्षा को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं।
मामला नाहन के जैन मंदिर के समीप रहने वाले विजय कुमार जैन का है। उन्होंने 3 नवंबर को डीएसपी मुख्यालय को लिखित शिकायत सौंपकर मामले की जांच और आरोपियों की पहचान करने की मांग की है। शिकायत के अनुसार, 2 नवंबर सोमवार को दोपहर करीब 2:30 बजे उन्होंने बैंक से 50 हजार रुपये निकाले और नकदी अपनी पैंट की दाहिनी जेब में रख ली। विजय जैन के मुताबिक, बैंक से निकलने के बाद वह दिल्ली गेट, बड़ा चौक होते हुए जैन बाजार वाली गली से अपने घर पहुंचे। इस दौरान दो से तीन युवक कभी आगे तो कभी पीछे चलते हुए उनका पीछा कर रहे थे। जैसे ही वह घर के गेट पर ताला खोलने लगे, दो युवक उनके नजदीक आ गए। इसी बीच किसी ने उनकी दाहिनी जेब से 50 हजार रुपये निकाल लिए। पीड़ित के अनुसार, वारदात के दौरान एक युवक ने उनसे बस स्टैंड जाने का रास्ता भी पूछा। उन्होंने युवक को रास्ता बता दिया और इसके बाद युवक वहां से चले गए। घर पहुंचने के करीब एक घंटे बाद जब उन्हें नकदी की याद आई तो जेब से रुपये गायब मिले। इसके बाद उन्होंने आसपास तलाश की और बैंक जाकर भी जानकारी जुटाई
