नाहन (हिमाचलवार्ता)। नाहन के साईं अस्पताल में कोरोना से एक व्यक्ति की मौत का समाचार प्राप्त हुआ है। प्राप्त जानकारी के अनुसार किशोर सैनी उर्फ गोल्डन भाई उम्र करीब 55 वर्ष निवासी यशवंत विहार नजदीक सूद क्लिनिक को 3 दिन पहले सांस की तकलीफ हुई। बताया जा रहा है कि इन्हें पहले चक्कर आया जिसके बाद इन्हें प्राथमिक उपचार के तौर पर निजी साईं अस्पताल में एडमिट कराया गया। कोरोना प्रोटोकॉल के तहत इसी दौरान उनका टेस्ट भी किया गया। बताया जा रहा है जिसमें उनकी कोरोना वायरस होने की पुष्टि भी हुई।
आज सुबह उनकी मृत्यु हो गई। उनकी मौत का समाचार सुनते ही नाहन नया बाजार जहां उनकी दुकान थी और यशवंत विहार कॉलोनी में शोक की लहर दौड़ गई। किशोर सैनी बड़े ही हंसमुख स्वभाव के और मिलनसार व्यक्ति थे। नियमित रूप से सुबह की सैर पर जाना और लोगों को कोरोना से बचने के लिए मास्क आदि के इस्तेमाल करने को लेकर अक्सर जागरूक किया करते थे। मगर वे खुद ही कोरोना की मौत का काल बन गए।
उधर, साईं अस्पताल के सीनियर मेडिकल ऑफिसर डॉ प्रमोद ने पुष्टि करते हुए बताया कि सांस की दिक्कत के चलते इमरजेंसी में किशोर कुमार को एडमिट किया गया था। उनका कोरोना वायरस टेस्ट पॉजिटिव आया था इसीलिए उन्हें आइसोलेट किया गया था। डॉ प्रमोद ने बताया कि जब उन्हें एडमिट किया गया था तो उनका ऑक्सीजन लेवल भी बहुत कम था। किशोर सैनी की आज सुबह मौत हुई है। उन्होंने बताया कि इस मौत की बाबत नगर पालिका परिषद को सूचित कर दिया गया है कोरोना प्रोटोकॉल के तहत उनका अंतिम संस्कार किया गया।