नशे का था आदी, पत्नी सहित दो बच्चों को छोड़ गया अकेला
नाहन। पांवटा साहिब पुरूवाला थाना के अंतर्गत 40 वर्षीय युवक के द्वारा आत्महत्या किए जाने का मामला सामने आया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार कुलवंत सिंह पुत्र स्वर्गीय दारा सिंह निवासी कानू वाला ने उस समय आत्महत्या करी जब उसकी पत्नी अपने बच्चों को पड़ोस में ई क्लास में पढ़ाने लेकर गई थी। आज दोपहर करीब 1:00 बजे के आसपास जैसे ही मृतक की पत्नी ने दरवाजा खोलना चाहा तो नहीं खुलने पर उसने जोर जोर से दरवाजा भी खटखटाया मगर उसके पति ने दरवाजा नहीं खोला। पत्नी ने दरवाजे के छेद से जब झांक कर देखा तो पति फंदे से झूल रहा था। जिसके बाद पत्नी ने जोर-जोर से चिल्लाना शुरू कर दिया। अड़ोस पड़ोस के लोग जब इकट्ठा हुए तो उन्होंने पुलिस को भी सूचित किया। मौके पर थानेदार इंस्पेक्टर विजय अपनी टीम के साथ पहुंचे। उन्होंने दरवाजा तोड़कर मृतक को नीचे उतारा मगर तब तक वह मर चुका था।
पुलिस द्वारा शव को पोस्टमार्टम हेतु भिजवा दिया गया है। यहां जानकारी यह भी मिली है कि मृतक के पेट में काफी समय से इंफेक्शन भी था। बताया यह भी जा रहा है कि युवक नशे का आदी था। यह परिवार काफी निर्धन बताया जा रहा है। गांव के लोगों का कहना है कि परिवार को पहले ही खाने पीने की बड़ी दिक्कत थी। अब पति की मौत के बाद पत्नी के सामने दो बच्चों के लालन-पालन का बड़ा संकट भी खड़ा हो गया है।
उधर, जिला पुलिस प्रमुख अजय कृष्ण शर्मा ने पुष्टि करते हुए बताया कि 40 वर्षीय युवक के द्वारा आत्महत्या की गई है। मामला दर्ज कर शव को पोस्टमार्टम हेतु भिजवाया दिया गया है।