नाहन। जिला सिरमौर के पावटा साहब क्षेत्र मे अवैध खनन पर कार्रवाई करने गए वन रक्षक पर खनन माफिया ने हमला कर बुरी तरह घायल कर दिया। जानकारी के अनुसार मंगलवार सुबह गश्त के दौरान भंगाणी रेंज की यमुना बीट के वन रक्षक धनवीर सिंह, वनकर्मी किशन व अन्य वनकर्मियों ने यमुना नदी में उत्तराखंड से अवैध खनन को आए ट्रैक्टर को रोका। इस पर ट्रैक्टर में मौजूद लोगों ने वनरक्षक पर हमला कर उसे गंभीर रुप से घायल कर दिया।
इसके बाद शातिर ट्रैक्टर के साथ उत्तराखंड की ओर भगा गए। झड़प के दौरान वनकर्मी को भी चोट आई है। वन विभाग ने मामला सिंघपुरा पुलिस चौकी के संज्ञान में लाया। इस पर पुलिस ने विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है। घायल वन रक्षक का सिविल अस्पताल पांवटा मे उपचार किया जा रहा है। डीएफओ, कुणाल अंग्रिश ने मामले की पुष्टि की है।