2 वर्ष की उपलब्धियों की पुस्तिका का डॉ बिंदल ने किया विमोचन
नाहन। नाहन के विधायक एवं पूर्व प्रदेश भाजपा अध्यक्ष राजीव बिंदल ने आज नाहन विधानसभा क्षेत्र की 2 वर्ष की उपलब्धियों पर तैयार एक पुस्तिका का विमोचन किया। नाहन के सर्किट हाउस में डॉ बिंदल ने एक पत्रकार वार्ता आयोजित कर इसका विमोचन किया। हालांकि पत्रकार वार्ता के दौरान स्वास्थ्य निदेशालय घोटाले के बारे में पूछे जाने पर उन्होंने कोई प्रतिक्रिया जाहिर नहीं की। उन्होंने कहा कि वह अपनी हर बात को इस्तीफे में लिख चुके हैं।
बता दें कि स्वास्थ्य निदेशालय में हुए कथित महा घोटाले के बाद पहली मर्तबा डॉक्टर बिंदल मीडिया से रूबरू हुए हैं। पत्रकार वार्ता में उन्होंने केंद्र की मोदी सरकार का 1 वर्ष का कार्यालय पूरा होने पर सरकार की उपलब्धियों को लेकर प्रदेश वासियों को बधाई दी। उन्होंने बताया कि बीते 2 वर्षों में करोड़ों रुपए की सविता नाहन विस क्षेत्र के लिए विभिन्न विभागों में की गई है, जिसका जिक्र इस पुस्तिका में किया गया है। उन्होंने कहा कि करोड़ रुपए नाहन विस क्षेत्र की सड़कों के लिए स्वीकृत किए गए जिन पर काम चला हुआ है।
इसी तरह पुलों के लिए 224.13 करोड़ रुपए की पेयजल और सिंचाई योजनाएं, किसानों के लिए कुओं और अन्य निर्माण कार्यों पर करोड रुपए व्यय किए गए। 83.52 करोड़ रुपए से विभिन्न विभागों में भवनों का निर्माण कार्य पूरा और प्रगति पर है। बिजली विभाग में 191 करोड़ रुपए प्रोजेक्ट नाहन विस के लिए स्वीकृत किए गए। 261 करोड रुपए मेडिकल कॉलेज नाहन, 11.21 करोड रुपए स्पोर्ट्स और आईआईएम सिरमौर के लिए 392 करोड रुपए स्वीकृत किए गए।
उन्होंने कहा कि इनमें कुछ कार्य पूरे हो चुके हैं जबकि कुछ पर काम चला हुआ है। डॉक्टर बिंदल ने कहा कि भाजपा सरकार ने नाहन के ऐतिहासिक स्वरूप को दुनिया के सामने रखा। पत्रकार वार्ता में जिला भाजपा अध्यक्ष विनय गुप्ता, नाहन भाजपा मंडल अध्यक्ष प्रताप ठाकुर, भाजपा नेत्री प्रतिभा कौशिक, पूर्व मंडल अध्यक्ष दीनदयाल वर्मा सहित अन्य लोग मौजूद थे।