नाहन /पांच मंजिल निर्माणाधीन मकान से गिरा मजदूर, पीजीआई रेफर
नाहन (हिमाचलवार्ता)। नाहन यशवंत विहार गायत्री मंदिर के समीप निर्माणाधीन 5 मंजिल मकान पर डाल रहे लेंटर के दौरान एक मजदूर अचानक नीचे गिर जाने का समाचार मिला है। प्राप्त जानकारी के अनुसार लगभग 25 वर्षीय सतपाल जोकि यशवंत विहार में ही एक किराए के कमरे पर रहता था। आज नजदीक ही गायत्री मंदिर के साथ पांचवी मंजिल पर लेंटर डाला जा रहा था। बताया जा रहा है कि मजदूर इस दौरान पीछे की ओर से अपना संतुलन खो बैठा और सर के बल 5 मंजिल से नीचे गिर गया।
जिसे तुरंत नाहन मेडिकल कॉलेज ले जाया गया। युवक की गंभीर हालत को देखते हुए उसे पीजीआई रेफर कर दिया गया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार निर्माणाधीन मकान का कार्य प्रदीप वालिया नामक ठेकेदार कर रहे थे। मौके पर यह भी देखा गया कि तमाम सेफ्टी मेजरमेंट इस्तेमाल नहीं किए गए थे। गिरने वाले मजदूर ने क्या सुरक्षा उपकरण पहने हुए थे या नहीं यह सब जांच का विषय है।
बरहाल एक मजदूर की जान फिलहाल खतरे में बताई जा रही है। खबर लिखे जाने तक पुलिस की ओर से कोई बयान जारी नहीं हुआ था। उधर एमएस नाहन मेडिकल कॉलेज डॉक्टर निर्दोष भारद्वाज ने पुष्टि करते हुए बताया कि घायल युवक की हालत काफी गंभीर है। जिसे पीजीआई चंडीगढ़ के लिए रेफर कर दिया गया है।