ओवरलोडिंग करने पर छह वाहनों के काटे चालान
नाहन(हिमाचलवार्ता)। यातायात नियमों को तोड़ने वाले वाहन चालकों पर कार्रवाई के बावजूद सड़कों पर यातायात नियमों की खुलेआम धज्जियां उड़ाई जा रही हैं। इसी के चलते पुलिस प्रशासन अब सख्त हो गया है। ताजा मामले में पुलिस ने नाके के दौरान ओवर लोडिंग करने पर छह वाहनों के चालान कर जुर्माना वसूल किया है। बता दें कि डीएसपी संगड़ाह रेणुका थाने में आए थे। वापसी जाते समय उन्होंने संगड़ाह चौक पर नाका लगाया।
इस दौरान ओवरलोडिंग करते छह वाहनों को पकड़ा गया। पत्थरों से भरे छह वाहनों में क्षमता से दोगुना माल भरा था। जिसके चलते पुलिस ने मौके पर ही वाहनों के चालान किए। डीएसपी संगड़ाह शक्ति सिंह ने बताया कि ओवरलोडिंग करने वाले वाहन चालकों को किसी भी सूरत में बक्शा नहीं जाएगा। उन्होंने बताया कि यातायात नियमों की जो भी धज्जियां उड़ाएगा उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।