नाहन (हिमाचल वार्ता) :- उपमंडल पांवटा साहिब के पातलियों में एक व्यक्ति की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो जाने का मामला संज्ञान में आया है। मृतक की पहचान 52 वर्षीय महिंद्र निवासी चंडीगढ़ के रूप में हुई है। वहीं पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आगामी कार्यवाही शुरू कर दी है। प्राप्त जानकारी के अनुसार चंडीगढ़ के रहने वाले इस व्यक्ति का शव पातलियों में एक बंद कमरे से बरामद किया गया है।
बताया जा रहा है कि उक्त व्यक्ति तीन-चार दिन से घर से बाहर नहीं निकल रहा था। संदेह होने पर पड़ोसियों ने व्यक्ति के घर जाकर देखा तो वह कमरे में मृत पड़ा हुआ था। जिसके बाद इसकी सूचना पंचायत प्रधान को दी गई। पंचायत प्रधान मौके पर पहुंचे और इसकी सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल पहुंचाया।
डीएसपी पांवटा वीर बहादुर सिंह ने बताया कि मृतक पांवटा साहिब की एक निजी कंपनी में काम करता था और वह काफी समय से अस्वस्थ चल रहा था। उन्होंने बताया कि व्यक्ति की मौत कैसे हुई इसका खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही होगा। लिहाजा पुलिस ने मामला दर्ज कर आगामी छानबीन शुरू कर दी है।