मनाली (हिमाचल वार्ता) । केन्द्रीय सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता राज्यमंत्री एवं रिपब्लिकन पार्टी ऑफ इंडिया के अध्यक्ष रामदास आठवले ने कहा मुंबई किसी की जागीर नहीं है। मनाली में पत्रकारों से बातचीत करते हुए रामदास आठवले ने कहा वह और उनकी पार्टी हिमाचल की बेटी एवं बालीवुड स्टार कंगना के साथ हैं।
उन्होंने कहा वह कंगना के घर मनाली आए हैं तो आज शाम उनसे भी भेंट करेंगे और कंगना के माता-पिता को भी आश्वासन देंगे कि हमारे होते कंगना का मुंबई में कोई बाल बांका नहीं कर सकता है।
केंद्रीय मंत्री ने कहा मुंबई हम सब की है, इसलिए किसी को किसी से डरने की जरूरत नहीं है। उन्होंने कहा कि बिहार चुनाव में एनडीए ही जीतेगी और फिर से सरकार बनाएगी तथा नीतीश कुमार मुख्यमंत्री बनेंगे।
रामदास आठवले ने कहा वह दो दिवसीय दौरे पर हिमाचल आए हैं। उन्होंने कहा आला अधिकारियों से प्रदेश में अनुसूचित जाति के लोगों की सही स्थिति का जानकारी ली जा रही है। नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार अनुसूचित जाति के लोगों के उत्थान व विकास में हर संभव प्रयास कर रही है।
उन्होंने कहा कि कोरोना के बढ़ते मामलों पर भी अधिकारियों के साथ बातचीत हुई है। केंद्रीय राज्य मंत्री ने कहा कि हिमाचल में स्थिति संतोषजनक है तथा हर वर्ग के लोगों का एक सामान विकास हो रहा है।
भारत सरकार द्वारा पारित कृषि बिल 2020 पर केंद्रीय राज्य मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गरीबों, किसानों और दलितों के हित में कृषि उपज को बढ़ावा देने और उत्पाद का सही दाम किसानों को दिलाने के लिए यह संशोधन किया है। पूर्व की कांग्रेस सरकार ने भी ऐसे कई विचार की कल्पना अपने चुनावी मुद्दे के माध्यम से की है।
लेकिन एनडीए सरकार उसका पालन कर रही है तो इन कांग्रेसियों को रास नहीं आ रहा है। रिपब्लिकन पार्टी ऑफ इंडिया के अध्यक्ष होने के नाते रामदास आठवले ने कहा हिमाचल में भी अपनी पार्टी को मजबूती प्रदान कर रहे हैं। उन्होंने कहा प्रदेश में पार्टी की कमान विजय शर्मा को दी गई है, जबकि अमीर ठाकुर व ओमितज ठाकुर को उपाध्यक्ष का कार्यभार सौंपा है।
जितेंद्र ठाकुर को इंडस्ट्रियल सेल का अध्यक्ष, जबकि प्रदीप शर्मा को लीगल सेल का प्रमुख बनाया गया है। उन्होंने बताया प्रदेश अध्यक्ष विजय शर्मा की अध्यक्षता में पार्टी को यहां भी मजबूती प्रदान की जाएगी।