ऊना (हिमाचल वार्ता)। जिला ऊना के तहत अम्ब क्षेत्र में अपने ससुराल आए एक व्यक्ति की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो जाने का मामला संज्ञान में आया है। मृतक की पहचान 36 वर्षीय सोन नाथ निवासी मंगूवाल चौहाल जिला होशियारपुर पंजाब के रूप में हुई है। वहीं पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आगामी कार्यवाही शुरू कर दी है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार उक्त व्यक्ति अपने ससुराल थाना अम्ब के अन्तर्गत गांव डूहकी (नैहरियां) में आया था। यहां व्यक्ति की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। वही, इसकी सूचना तुरंत पुलिस को दी गई। सूचना मिलने के उपरांत पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए क्षेत्रीय अस्पताल ऊना पहुंचाया है। हालांकि मौत किन कारणों से हुई है इसका खुलासा अभी तक नहीं हो पाया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के असली कारणों का पता चल पाएगा। एसपी ऊना अर्जित सेन ठाकुर ने मामले की पुष्टि की है।