नाहन (हिमाचलवार्ता)। जिला सिरमौर पुलिस यातायात नियमों की अवहेलना और मास्क नहीं पहनने वालों के खिलाफ शिकंजा कस रही है। जानकारी के अनुसार पांवटा साहिब उपमंडल के विभिन्न क्षेत्रों में थाना माजरा, पांवटा साहिब, शिलाई, पुरुवाला थाना और ट्रैफिक पुलिस पांवटा की टीमों ने विभिन्न स्थानों पर नाकाबंदी की। इस दौरान नियमों की अनदेखी करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्यवाही की गई।
टीमों ने ट्रिपल राइडिंग, नो पार्किंग जोन, तेज रफ्तार, बिना हेलमेट और प्रेशर हॉर्न समेत यातायात नियमों की अनदेखी करने पर 247 वाहनों के चालान करके 76,520 रुपये जुर्माना वसूल किया है। वहीँ, इस दौरान बिना मास्क के 7 चालान कर 7000 जुर्माना और कोटपा अधिनियमों में 21 चालान कर 2100 राशि जुर्माने के रुप में वसूली गई।
उधर, डीएसपी पांवटा साहिब बीर बहादुर सिंह ने खबर की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस निरंतर नियमों की अनदेखी करने वालों के खिलाफ कार्यवाही कर रही है। उन्होंने बताया कि पुलिस ने विभिन्न स्थानों पर नाकाबंदी कर 275 के चालान कर कुल 85, 620 रुपए जुर्माने के तौर पर वसूल किए हैं। उन्होंने बताया कि भविष्य में भी यह कार्यवाही जारी रहेगी।
