नाहन (हिमाचलवार्ता)। हिमाचल प्रदेश में खनन माफिया अपनी हरकतों से बाज नहीं आ रहे हैं। पांवटा पुलिस लगातार दिन और रात अवैध खनन करने वालों के खिलाफ कार्यवाही कर रही है बावजूद इसके गुपचुप तरीके से खनन माफिया खनन में जुटा हुआ है। खनन माफिया कार्यवाही से बचने के लिए नए हथकंडे अपना कर अवैध कारोबार चला रहे है।ऐसे में अब पुलिस और भी ज्यादा सख्त हो गई है। ताज़ा मामले में पांवटा साहिब में कार्यरत खनन निरीक्षक मंगत शर्मा की टीम ने यमुना नदी के समीप रामपुर घाट में निरीक्षण के दौरान अवैध खनन करते दो ट्रैक्टरों को पकड़ा। इस दौरान टीम ने मौके पर ही ट्रैक्टर संचालकों से 9500 रुपए जुर्माने के तौर पर वसूल किए हैं।
जिला खनन अधिकारी सुरेश भारद्वाज ने पुष्टि करते हुए बताया कि खनन करने वाले जहां पर्यावरण को नुकसान पहुंचा रहे हैं। वहीं, सरकार को राजस्व का चूना भी लगा रहे हैं। अवैध खनन करने वालों पर सख्त कार्रवाई करने के आदेश दिए गए हैं। अवैध खनन करने वालों की धरपकड़ के लिए अभियान लगातार जारी रहेगा।
