नाहन (हिमाचलवार्ता)। – मौसम की मार से किसान बागबानों को परेशानी में डाल दिया है। जिला की सबसे उंची चोटी चुडधार में जहां अप्रैल माह में करीब 8 इंच बर्फबारी हुई है। वहीं मध्यम ऊंचाई वाले क्षेत्रों में पिछले 16 घंटे से बारिश व ओलावृष्टि से जन जीवन अस्त व्यस्त हो गया है।चुडधार की चोटियां बर्फबारी से लकदक हो गई है। वहीं प्रसाशन ने लोगों से इस और जाने से मनाही की है। कई पर्यटक पिछले कई दिनों से चुडधार जा रहे है।
बर्फबारी व लगातार हो रही बारिश से तापमान में भारी गिरावट दर्ज की गई। पहली बार अप्रैल महीने में लोगों को दिसंबर माह जैसा एहसाह हो रहा है | समूचा क्षेत्र ठंड की चपेट में अ गया है।
पिछले लंबे समय से सूखे की मार झेल रहे किसान बागबानों के लिए शनिवार को बारिश ने तो दस्तक दी मगर साथ में ओलावृष्टि से किसान बागबान की कमर तौड कर रख दी।
जिला सिरमौर के उंचाई वाले क्षेत्र नौहराधार में शनिवार देर शाम को तेज तूफ़ान व ओलावृष्टि से किसानों व बागबानों को लाखो रूपये का नुकसान हुआ है।
गुरूवार देर शाम को पहले तेज तूफ़ान चला व बाद में ओलावृष्टि हुई जिसके कारण किसानों के खेतों में मटर, टमाटर व फलदार पौधो को काफी नुकसान हुआ है।
वहीं ओलावृष्टि से कई स्थानों पर अन्य नगदी फसलें खेतो में पूरी तरह से बिछ गई है जिस कारण से किसानों की आर्थिकी पर विपरीत असर पड़ने की आशंका बन गई है।
बागवानी मंत्री महेंद्र सिंह ठाकुर ने सभी जिलों के राजस्व विभाग के अधिकारियों को मौके पर जाकर नुकसान का जायजा लेने के निर्देश दिए हैं और रिपोर्ट मांगी गई है ताकि नुकसान की थोड़ी भरपाई की जा सके।
केंद्र सरकार को भी पूरी नुकसान की जानकारी दी गई है और मदद की मांग की गई है। बागवानी मंत्री ने किसानों बागवानों से हर संभव मदद करने बात कही है।
