पाँवटा साहिब 27 जनवरी (हिमाचलवार्ता न्यूज़ ) :- डॉ. यशवंत सिंह परमार मेडिकल कॉलेज नाहन में 65 वर्षीय व्यक्ति की ब्रेन हेमरेज से मौत का मामला संज्ञान में आया है। पांवटा साहिब के नघेता निवासी मृतक संतराम में कोरोना की पुष्टि भी हुई है। प्राप्त जानकारी के अनुसार संतराम 1 सप्ताह से नाहन मेडिकल कॉलेज में उपचाराधीन था।
बुधवार सुबह संतराम की ब्रेन हेमरेज से मौत हो गई। चूंकि मेडिकल कॉलेज में गंभीर रूप से एडमिट मरीजों का आरटी-पीसीआर भी आवश्यक रूप से किया जा रहा है। संतराम के लिए गए कोरोना टेस्ट में वायरस की पुष्टि हुई है।
यहां यह बताना भी जरूरी है कि बीते जनवरी माह से अभी तक नाहन मेडिकल कॉलेज में मौतों में छह मरीजों में कोरोना की पुष्टि हुई है। अच्छी बात तो यह भी है कि जिला में 1268 कोरोना पॉजिटिव केस है। जिनमें रिकवरी रेट काफी अच्छा है।
अभी तक जितनी भी मौतों मे कोरोना की पुष्टि हुई है सभी मरीज अन्य गंभीर रोगों से पीड़ित थे। जिनमें से दो ऐसे मरीज है जो मेडिकल कॉलेज में ब्रॉडडेड आए थे। उधर, सी एम ओ जिला सिरमौर संजीव सहगल ने खबर की पुष्टि की है।
वही, मृत व्यक्ति को समाज सेवक व एंबुलेंस चालक राम सिंह उर्फ रामू नघेता छोड़ने गया। बता दें कि राम सिंह अपनी जान को जोखिम में डालकर 2019 से अभी तक कोरोना पीड़ितों के लिए हर वक्त अपनी सेवाओं के लिए मुस्तैद रहा। यही नहीं कोरोना से मारे गए लोगों के अंतिम संस्कार में भी राम सिंह की भूमिका महत्वपूर्ण रही है।