बिलासपुर( हिमाचल वार्ता न्यूज) जिला उद्योग केंद्र, बिलासपुर द्वारा रेशम विभाग के सहयोग से निटकॉन लिमिटेड के माध्यम से आरएएमपी परियोजना के सामाजिक समावेशन घटक के अंतर्गत घुमारवीं स्थित रेशम विभाग कार्यालय के बैठक कक्ष में फंडिंग एवं नेटवर्किंग मीट का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में लगभग 54 रेशम पालन लाभार्थियों एवं उद्यमियों ने भाग लिया। कार्यक्रम में जिला उद्योग केंद्र बिलासपुर के महाप्रबंधक एवं रेशम विभाग के प्रभारी मनोज, रेशम विकास अधिकारी घुमारवीं वंदना शर्मा, एनएसआईसी मंडी के मुख्य प्रबंधक लोकेश भाटिया, वरिष्ठ तकनीकी सहायक चंद्रकला, वरिष्ठ सलाहकार संगीता सोनी तथा डीआईसी बिलासपुर आरएएमपी स्टाफ की सलाहकार सुनीता उपस्थित रहीं।
बैठक के दौरान प्रतिभागियों को रेशम कोकून बाजार मंच, कोकून की बिक्री के बाद उपलब्ध लाभ, विभिन्न सरकारी योजनाओं एवं सब्सिडी, उद्यम पंजीकरण, उद्यम विकास तथा बाजार संपर्क के संबंध में विस्तृत जानकारी प्रदान की गई। विशेषज्ञों ने रेशम पालन से जुड़ी गतिविधियों को उद्यम के रूप में विकसित करने, उपलब्ध वित्तीय सहायता का लाभ उठाने तथा बाजार से बेहतर जुड़ाव स्थापित करने के विभिन्न पहलुओं पर जानकारी साझा की। कार्यक्रम के दौरान लाभार्थियों एवं उद्यमियों को विशेषज्ञों के साथ सीधे संवाद करने का अवसर मिला। प्रतिभागियों ने वित्तीय सहायता, सरकारी योजनाओं, उद्यम पंजीकरण तथा रेशम पालन आधारित गतिविधियों के विस्तार से संबंधित अपनी शंकाएं एवं प्रश्न विशेषज्ञों के समक्ष रखे, जिनका मौके पर समाधान किया गया।
