नाहन ( हिमाचल वार्ता न्यूज) (एसपी जैरथ):-नाहन में सिख और वाल्मीकि समुदाय के बीच हुए खूनी संघर्ष मामले में गिरफ्तार किए गए अंतिम तीन आरोपियों को भी अदालत से जमानत मिल गई है। वीरवार को मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट (सीजेएम) की अदालत ने वाल्मीकि सभा के अध्यक्ष विजय चौरिया सहित तीनों आरोपियों की जमानत याचिकाएं मंजूर कर लीं। आरोपियों की ओर से वरिष्ठ अधिवक्ता वीरेंद्र पाल ने अदालत में पैरवी की। अदालत ने 50,000 रुपये के जमानती मुचलके पर तीनों की रिहाई के आदेश जारी किए हैं।
उल्लेखनीय है कि इस मामले में पुलिस ने घटना के बाद दोनों पक्षों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए वीडियो फुटेज के आधार पर उपद्रव में शामिल लोगों की पहचान कर एक दर्जन से अधिक गिरफ्तारियां की थीं। इनमें से पहले गिरफ्तार हुए सभी आरोपी अलग-अलग चरणों में अदालत से जमानत मिलने के बाद जेल से रिहा हो चुके थे। हालांकि विजय चौरिया सहित तीन आरोपी अभी न्यायिक हिरासत में थे। वीरवार को इन अंतिम तीन आरोपियों को भी जमानत मिलने के बाद मामले में गिरफ्तार सभी आरोपियों की रिहाई का रास्ता साफ हो गया है। मामले की पृष्ठभूमि में नाहन शहर में पेट्रोल पंप के समीप स्थित स्मारक और स्वागत द्वार को लेकर दोनों समुदायों के बीच उपजा विवाद रहा। एक पक्ष की ओर से स्मारक के रखरखाव को लेकर आपत्ति जताई गई थी, जबकि दूसरे पक्ष ने पहले से स्थापित स्वागत द्वार पर आपत्ति को लेकर सवाल उठाए थे। इसी विवाद ने देखते ही देखते उग्र रूप ले लिया और दोनों पक्षों के बीच जमकर पत्थरबाजी हुई थी।इस हिंसक झड़प में पुलिस जवानों सहित करीब 14 लोग घायल हुए थे।
