नाहन ( हिमाचल वार्ता न्यूज) (एसपी जैरथ):-जिंदगी के अनमोल साल हिमाचल पथ परिवहन निगम की सेवा में समर्पित करने वाले कर्मचारी आज सेवानिवृत्ति के बाद अपने ही हक के लिए संघर्ष करने को मजबूर हैं। किसी ने दशकों तक बसों का संचालन किया, किसी ने यात्रियों की सुरक्षा और परिवहन व्यवस्था को संभाला, तो किसी ने निगम की प्रशासनिक व्यवस्था में अपना पूरा जीवन लगा दिया। लेकिन जब उम्र के इस पड़ाव पर उन्हें आर्थिक सुरक्षा, बेहतर स्वास्थ्य सुविधाओं और सम्मानजनक जीवन की जरूरत है, तब अपने ही हक की पेंशन संबंधी देनदारियों के लिए उन्हें इंतजार करना पड़ रहा है।
सेवानिवृत्त कर्मचारियों की इसी पीड़ा और नाराजगी का गुबार मंगलवार को हिमाचल परिवहन सेवानिवृत्त कर्मचारी कल्याण मंच की बैठक में फूट पड़ा। मंच के उपप्रधान गुमान सिंह की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में परिवहन निगम से सेवानिवृत्त हुए बड़ी संख्या में वरिष्ठ नागरिकों ने भाग लिया। बैठक में वक्ताओं ने सरकार और निगम प्रबंधन के प्रति रोष जताते हुए कहा कि उम्र के इस पड़ाव पर आर्थिक और स्वास्थ्य संबंधी परेशानियों से जूझ रहे पेंशनरों को उनका जायज हक पाने के लिए बार-बार आवाज उठानी पड़ रही है। बैठक में पेंशनरों ने लंबित एरियर, वेतनमान संशोधन, महंगाई भत्ता और मेडिकल बिलों का भुगतान तत्काल करने की मांग उठाई। उन्होंने 65, 70 और 75 वर्ष की आयु पूरी करने वाले सेवानिवृत्त कर्मचारियों को मिलने वाले अतिरिक्त पेंशन लाभ तथा 2.59 के एरियर का भुगतान भी जल्द करने की मांग की।
