सीमा में रहकर बयानबाजी करे कांग्रेस-पच्छाद भाजपा मंडल
नाहन (हिमाचलवार्ता)। पच्छाद भाजपा मंडल ने कांग्रेस उपाध्यक्ष को सलाह देते हुए कहा है कि वह सीमा के भीतर रहकर बयानबाजी करें और मर्यादा और नैतिकता के पाठ न पढ़ाएं बल्कि इसका स्वयं आकलन करें। पच्छाद भाजपा मंडल अध्यक्ष सुरेन्द्र नेहरू, मिडिया प्रभारी नवीन शर्मा, सतीश ठाकुर, सहित अनेक भाजपा पदाधिकारियों ने पच्छाद कांग्रेस के उपाध्यक्ष के बयान को हास्यप्रद, आधारहीन और तथ्यों से परे बताया है। उन्होने कहा कि कांग्रेस की हालत खिसीयानी बिल्ली खंबा नोचे जैसी हो गई है।
मंडल अध्यक्ष ने कहा कि महिलाओं की सुरक्षा के लिए प्रदेश में पहली बार मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने गुडिया हेल्पलाईन नंबर 1515 स्थापित किया है ताकि महिलाएं किसी भी विपति में इस टॉल फ्री नंबर पर कॉल कर सके। यहीं नहीं प्रदेश के हर जिला में महिला थाना बनाए गए है। इनका कहना है कि प्रदेश की भाजपा सरकार ने राज्य की करीब दो लाख से अधिक निर्धन महिलाओं को रसोई गैस कनेक्शन मुफ्त में बांटे है। जिससे गरीब परिवार से संबध रखने वाली महिलाओं को धुएं से राहत मिली है।
यही नहीं महिलाओं को स्वाबलंबी बनाने के लिए अनेक योजनाएं कार्यान्वित की जा रही है जिससे विशेषकर ग्रामीण परिवेश की महिलाएं काफी लाभान्वित हुई है। उन्होने कहा कि पच्छाद का पिछड़ापन पूर्व कांग्रेस सरकारों की देन है। अगर कांग्रेस के विधायक द्वारा तीस वर्षों में काम किया होता तो आज पच्छाद में कोई कमी न होती। उन्होने कहा कि विधायक रीना कश्यप द्वारा पच्छाद के विकास के लिए करोड़ों की परियोजनाएं स्वीकृत करवाई गई है। जिस पर कार्य भी आरंभ हो चुके हैं जिसे कांग्रेस पचा नहीं पा रही है। बल्कि बौखलाहट में अनाप शनाप बयानबाजी कर रहे हैं।