नाहन (हिमाचलवार्ता)। जिला सिरमौर के उपमंडल पांवटा साहिब में खनन विभाग की टीम ने खनन माफियाओं पर शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। टीम ने 2 दिन में अवैध खनन करने पर 5 वाहन चालकों को पकड़ा। इस दौरान खनन विभाग की टीम ने जुर्माने के तौर पर 15000 रुपए की राशि वसूल की है।
बता दें कि पांवटा साहिब में खनन विभाग की टीम ने 2 दिन में चार ट्रैक्टर और एक टिपर को खनन करते हुए पकड़ा। इस दौरान टीम ने वाहनों के संचालकों से 15000 रुपए जुर्माना भी मौके पर वसूल किया। वही खनन विभाग की इस कार्यवाही से खनन माफियाओं में भी हड़कंप मच गया है।
पांवटा माइनिंग इंस्पेक्टर मंगतराम शर्मा ने बताया कि खनन करने वाले जहां पर्यावरण को नुकसान पहुंचा रहे हैं। वहीं, सरकार को राजस्व का चूना भी लगा रहे हैं। अवैध खनन करने वालों पर सख्त कार्रवाई करने के आदेश दिए गए हैं। अवैध खनन करने वालों की धरपकड़ के लिए अभियान लगातार जारी रहेगा।
