1 सप्ताह में चौथी घटना खराब सड़क बनी दुर्घटना का कारण
नाहन (हिमाचलवार्ता)। जिला मुख्यालय नाहन से शिमला की ओर जाने वाले एनएच पर आईटीआई के समीप एक ट्रक संख्या एचपी-16ए-8585 ब्रेक फेल होने से पलट गया है । करीब 9:30 बजे के आसपास बुधवार रात को हुई इस दुर्घटना में ट्रक का मालिक बल मोहन और चालक साथ में था। प्राप्त जानकारी के अनुसार यह ट्रक काला आम से सरिया लोड कर शिमला की ओर जा रहा था। कारमेल के ठीक सामने खराब सड़क पर खड्डे को बचाते हुए जैसे ही चालक ने ब्रेक दबाया गाड़ी के ब्रेक फेल हो गए। चालक ने सूझबूझ का परिचय देते हुए गाड़ी को ढाग से टकराते हुए पलटा दिया। चालक अगर ऐसा ना करता तो भीषण दुर्घटना भी हो सकती थी।
इस दुर्घटना में रेणुका जी विधानसभा क्षेत्र के संगड़ाह ब्लॉक के अंतर्गत सिऊ गांव के चालक और मालिक दोनों घायल हो गए हैं। स्थानीय निवासी हरदेव सिंह ने 108 को इस दुर्घटना की सूचना दी। जिसके बाद घायलों को नाहन मेडिकल कॉलेज ले जाया गया। प्राप्त जानकारी के अनुसार चालक और गाड़ी के मालिक दोनों घायलों की हालत खतरे से बाहर है।
बरहाल मौके पर पुलिस भी पहुंच गई थी। सवाल तो यह उठता है कि 1 सप्ताह में एक चौथी घटना है। लगातार हुए इस ब्लैक स्पॉट पर एक व्यक्ति की हाल ही में दो ट्रकों के बीच में कुचले जाने के कारण मौत हो गई थी। इसके बाद दो ट्रक और असली परी टाइलों की वजह से अनियंत्रित होकर पलट गए थे। आज हुई है घटना चौथी घटना बताई गई है।
बता दें कि यह राष्ट्रीय राजमार्ग है जो नाहन से कुमार हट्टी तक जाता है। सरकार व जिला प्रशासन लगातार हुई इन घटनाओं को लेकर जरा भी गंभीर नजर नहीं आ रहा है। हैरानी तो इस बात की है कि शहर को इस समय बाईपास की सख्त दरकार है। बावजूद इसके प्रदेश सरकार इस पर कोई गंभीरता नहीं ले रही है।
