नाहन ( हिमाचल वार्ता न्यूज) (एसपी जैरथ):– भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल ने नाहन मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में जनसुविधाओं की लगातार हो रही उपेक्षा को लेकर प्रदेश की कांग्रेस सरकार पर कड़ा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि नाहन का अस्पताल सिरमौर जिला का सबसे बड़ा स्वास्थ्य संस्थान है, लेकिन कांग्रेस सरकार, मुख्यमंत्री और स्थानीय विधायक की कथित उपेक्षा के कारण अस्पताल की स्थिति लगातार बदतर होती जा रही है।
*दो-दो साल से बंद पड़े ऑपरेशन थिएटर*
डॉ. बिंदल ने कहा कि अस्पताल के ऑपरेशन थिएटर पिछले दो वर्षों से बंद पड़े हैं। उन्होंने कहा कि जिस अस्पताल में मरीजों को गंभीर और आवश्यक चिकित्सा सुविधाएं मिलनी चाहिए थीं, वहां महत्वपूर्ण सेवाएं लंबे समय से ठप पड़ी हैं। इससे मरीजों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है और उन्हें अन्य अस्पतालों में रेफर किया जा रहा है।
*सीटी स्कैन और अल्ट्रासाउंड को भी लगा ताला*
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि अब स्थिति यहां तक पहुंच गई है कि अस्पताल में सीटी स्कैन और अल्ट्रासाउंड जैसी महत्वपूर्ण जांच सुविधाएं भी बंद पड़ी हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि अस्पताल के बाहर अल्ट्रासाउंड की सुविधा उपलब्ध कराई गई है और अस्पताल से मरीजों को वहां भेजा जा रहा है।
उन्होंने कहा कि सरकारी अस्पताल में उपलब्ध होने वाली जांच सुविधा के लिए मरीजों को बाहर जाना पड़े, इससे बड़ी विडंबना और क्या हो सकती है।
*एक्स-रे के लिए घंटों इंतजार, रिपोर्ट देने वाला भी नहीं*
डॉ. बिंदल ने कहा कि अस्पताल में एक्स-रे करवाने के लिए मरीजों को घंटों इंतजार करना पड़ता है और कई बार रिपोर्ट उपलब्ध करवाने के लिए भी पर्याप्त व्यवस्था नहीं है। आपातकालीन परिस्थितियों में ऐसी स्थिति मरीजों के लिए गंभीर परेशानी पैदा कर सकती हैं।
