नाहन ( हिमाचल वार्ता न्यूज) (एसपी जैरथ):-अक्षरधाम पब्लिक स्कूल, मोगीनंद में दीपावली का पर्व हर्षोल्लास एवं उत्साह के साथ मनाया गया। इस अवसर पर विद्यालय परिसर में विभिन्न रचनात्मक एवं सांस्कृतिक गतिविधियों का आयोजन किया गया, जिसमें विद्यार्थियों ने बढ़-चढ़कर भाग लेते हुए अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया। दीपावली उत्सव के उपलक्ष्य में विद्यालय में रंगोली निर्माण प्रतियोगिता एवं दीपावली कार्ड मेकिंग प्रतियोगिता आयोजित की गई। इन प्रतियोगिताओं का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों की रचनात्मकता, कलात्मक प्रतिभा एवं सांस्कृतिक रुचि को प्रोत्साहित करना रहा।
कार्ड मेकिंग प्रतियोगिता में विभिन्न कक्षाओं के विद्यार्थियों ने सुंदर एवं आकर्षक कलाकृतियां बनाकर अपनी प्रतिभा का परिचय दिया। प्रतियोगिता में कक्षा प्रथम-A से फरहान, प्रथम-B से तनीष, द्वितीय-A से आरुषि, द्वितीय-B से जिया, तृतीय कक्षा से ईशान, चतुर्थ-A से अंकित, चतुर्थ-B से तेजस, पांचवीं कक्षा से आरव गुप्ता, छठी कक्षा से अनाहिता, सातवीं कक्षा से गीतांश, आठवीं कक्षा से काव्या, नौवीं कक्षा से अरीबा तथा दसवीं कक्षा से तान्या ने प्रथम स्थान हासिल किया।वहीं, रंगोली निर्माण प्रतियोगिता में विभिन्न सदनों के विद्यार्थियों ने आकर्षक रंगोलियां बनाकर अपनी कलात्मक प्रतिभा एवं टीम भावना का बेहतरीन प्रदर्शन किया। इस प्रतियोगिता में नीलगिरी सदन के मनत, मानवी, तान्या एवं शिवांश ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। शिवालिक सदन के नव्या, हर्षित, आद्या एवं चाहत ने द्वितीय स्थान हासिल किया, जबकि अरावली सदन के काव्या, आलिया, कशिश एवं जाह्नवी ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।
