नाहन (हिमाचलवार्ता)। जिला मुख्यालय नाहन के साथ लगती ग्राम पंचायत मोगीनंद में एक युवक द्वारा फंदा लगाकर आत्महत्या किए जाने का मामला संज्ञान में आया है। मृतक की शिनाख्त 30 वर्षीय रघुवीर पुत्र मोहन सिंह निवासी गांव पंजाहल के रूप में हुई है। वहीं पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर घटना के संबंध में मामला दर्ज कर आगामी कार्यवाही शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार रघुवीर मोगीनंद में किराए के कमरे में रहता था और औद्योगिक क्षेत्र कालाअंब में एक इकाई में कार्यरत था। बताया जा रहा है कि उक्त युवक ने अपने किराए के कमरे में फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। जब किसी ने युवक को फंदे पर झूला हुआ देखा तो इसकी सूचना तुरंत पुलिस को दी गई। जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची और युवक के शव को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल पहुंचाया।
उधर, पुलिस थाना कालाअंब के एसएचओ योगेंद्र सिंह ने खबर की पुष्टि करते हुए बताया कि एक युवक ने किराए के कमरे में फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली है। उन्होंने बताया कि युवक ने आत्महत्या जैसा खौफनाक कदम क्यों उठाया इसका खुलासा अभी तक नहीं हो पाया है क्योंकि मौके से कोई सुसाइड नोट भी बरामद नहीं हुआ है। लिहाजा पुलिस इस मामले की हर पहलू से छानबीन में जुट गई है।
