नाहन (हिमाचलवार्ता)। कई दिनों तक चली राजनीतिक उठा पटक के बाद आखिर पांवटा नगर परिषद बन ही गई। प्रदेश में सत्तासीन भाजपा ने नगर परिषद पर अपना कब्जा जमा लिया है। भाजपा समर्थित निर्मल कौर को अध्यक्ष चुना गया है। जबकि भाजपा खेमे में शामिल हुए कांग्रेस समर्थित पार्षद ओम प्रकाश कटारिया उपाध्यक्ष चुने गए। पांवटा नगर परिषद हॉल में संपन्न हुए चुनाव में आजाद पार्षद मधुकर डोकरी ने कांग्रेस के समर्थन से नामांकन भरा था।
चुनाव में निर्मल कौर को 8 और मधुकर डोकरी को 5 वोट मिले। वार्ड नंबर 1 से रिकॉर्ड मतों से जीत कर आई निर्मल कौर ने 3 वोटों के अंतराल से जीत दर्ज की। उधर, उपाध्यक्ष पद के लिए कांग्रेस छोड़कर भाजपा खेमे में शामिल हुए ओम प्रकाश कटारिया ने 1 वोटों के अंतराल से जीत दर्ज की। ओम प्रकाश कटारिया को 7 और कांग्रेस समर्थित रविंद्र पाल सिंह को 6 वोट पड़े।
प्रतिनियुक्त अधिकारी स्थानीय एसडीएम एल आर वर्मा ने निर्मल कौर को अध्यक्ष और ओपी कटारिया को उपाध्यक्ष पद पर निर्वाचित घोषित किया। नगर परिषद चुनाव में भाजपा समर्थित उम्मीदवारों को स्पष्ट बहुमत नहीं मिला था और भाजपा ने एक निर्दलीय उम्मीदवार को अपने साथ मिलाकर नगर परिषद बनाने की धोषणा भी कर दी थी। लेकिन घोषणा के कुछ ही घंटों बाद निर्दलीय पार्षद ने भाजपा खेमे को समर्थन देने से इंकार कर दिया था!