जब तक कांग्रेस नहीं मांगती माफी जारी रहेगा विरोध प्रदर्शन -प्रताप ठाकुर
नाहन (हिमाचल वार्ता)। जिला मुख्यालय नाहन में आज रविवार को विधानसभा प्रकरण को लेकर नाहन भाजपा मंडल ने कांग्रेस का पुतला फूंका। मंडल अध्यक्ष प्रताप ठाकुर के नेतृत्व में करीब 11:00 बजे के आसपास महिमा लाइब्रेरी से गुन्नू घाट तक रोष प्रदर्शन रैली भी निकाली गई। इस दौरान कांग्रेस के खिलाफ जमकर नारेबाजी हुई। दर्जनों कार्यकर्ताओं की उपस्थिति में गुन्नू घाट पुलिस चौकी के ठीक सामने कांग्रेस का पुतला भी फूंका गया।
इस दौरान मंडल अध्यक्ष प्रताप ठाकुर ने कहा कि जब तक कांग्रेस अपने कृत्य के लिए माफी नहीं मांगती तब तक पूरे जिला भर में विरोध प्रदर्शनों का दौर जारी रहेगा। प्रताप ठाकुर का कहना है कि वे सरकार से आग्रह करेंगे कि कांग्रेस के इस घृणित अपराधिक कार्य के लिए उन पर कानूनी कार्यवाही की जाए। तो वही वरिष्ठ भाजपा नेता मनीष चौहान ने कहा कि कांग्रेस अब बौखलाहट में है।
उन्हेंने कहा कि कांग्रेस को 2022 के आईने में अपनी हारी हुई तस्वीर पहले से ही दिखनी शुरू हो चुकी है। यही वजह है कि जहां कांग्रेस को विधानसभा की मर्यादा के अनुसार सदन में अपनी बात रखनी चाहिए थी मगर उन्होंने गुंडागर्दी के दम पर महामहिम राज्यपाल के साथ धक्का-मुक्की कर बड़ा अपराध किया है।
इस दौरान नाहन भाजपा मंडल के साथ भाजपा युवा मोर्चा के पदाधिकारी व कार्यकर्ता भी मौजूद रहे। इस पर विरोध प्रदर्शन में नाहन नगर परिषद की अध्यक्ष श्यामा पुंडीर भी मौजूद रही। जबकि युवा मोर्चा के अध्यक्ष अभिषेक चौहान, कृष्णकांत, दीपक, कुंडलस पूर्व पार्षद शुभम सैनी, जिला सिरमौर कोली समाज अध्यक्ष संजय पुंडीर, राजीव चौधरी, मानव सिंह के अलावा मीडिया प्रभारी धीरज गर्ग भी मौजूद थे।