नाहन (हिमाचलवार्ता)।- पांवटा साहिब में पुलिस ने बाजार में हुड़दंग मचाने और यातायात पुलिसकर्मियों से हाथापाई करने पर दो लोगों को गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपियों की पहचान 38 वर्षीय जसवीर सिंह पुत्र सुखदेव सिंह निवासी लुधियाना पंजाब व 30 वर्षीय संदीप सिंह पुत्र करनैल सिंह जिला मंडी के रूप में हुई है। पुलिस ने दोनों के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर आगामी कार्यवाही शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार पुलिस की टीम बद्रीपुर चौक के समीप थी। इसी दौरान नाहन से एक गाड़ी बद्रीपुर चौक के समीप जैसे ही पहुंची तो यातायात पुलिस ने उन्हें रोका और हूटर बजाने के बारे में पूछा। इसी दौरान गाड़ी चालक पुलिसकर्मियों से गाली गलौज करने लगे। उधर, थाना प्रभारी पांवटा संजय शर्मा ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस ने 2 लोगों को गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपी पुलिस रिमांड पर भेज दिये गए हैं।