पुराने गेट वाल बने परेशानी का सबब
नाहन (हिमाचलवार्ता)।– जिला मुख्यालय नाहन के वार्ड नंबर 3 अमरपुर मोहल्ला वेलफेयर गली जल शक्ति विभाग की कार्यप्रणाली पर प्रश्नचिन्ह लगा रही है। गली में लगे डिस्ट्रीब्यूशन वॉल पिछले कई दिनों से लीक हो रहे हैं। जिसके चलते पूरी गली में पानी व कीचड़ फैल रहा है। वार्ड के निवासी आकाश विश्नोई, राजीव अग्रवाल, विकास विश्नोई, आशीष, बसंत कुमार व विपिन गुप्ता ने नाराजगी व्यक्त करते हुए कहा कि विभाग को कई बार सूचित कर दिया गया है मगर समस्या का समाधान नहीं हो पा रहा है।
वार्ड के लोगों का कहना है कि गेट वॉल कई दिनों से लीक कर रहे हैं। समस्या की बाबत कीमैन को भी सूचित किया है। लोगों का कहना है कि गेट वॉल से इतना पानी निकलता है कि पूरी गली में पानी ही पानी भर जाता है। वार्ड में कूड़ा कचरा उठाने से पहले उस पर पानी डल जाने से कीचड़ हो जाता है। जिसके चलते ना तो कचरा उठाने वाले ठीक से कचरा उठा पाते हैं और ना ही वार्ड की सफाई हो पाती है।
शिकायतकर्ताओं का कहना है कि कीचड़ व पानी के कारण घरों में भी गंदगी जाती है जिससे संक्रमण फैलने का डर बना रहता है। शिकायतकर्ता ने जल शक्ति विभाग से मांग करते हुए कहा कि इस समस्या का जल्द समाधान हो। उनका कहना है कि पुराने गेट वॉल बदल कर या तो नए लगाया जाए या समस्या का स्थाई समाधान किया जाए।
उधर, जल शक्ति विभाग नाहन के जेई राजेश ठाकुर का कहना है कि उनके पास कोई भी शिकायत नहीं आई है। मीडिया की मार्फत जानकारी मिली है, लिहाजा फौरन समस्या का समाधान कर दिया जाएगा।
