नाहन (हिमाचलवार्ता)। – हिमाचल प्रदेश के जिला सिरमौर में संक्रमण के लगातार बढ़ रहे मामलों के चलते रात 10:00 बजे से सुबह 5:00 बजे तक नाइट कर्फ्यू लगाया गया है। नाइट कर्फ्यू का लोग सख्ती से पालन करें इसलिए पुलिस प्रशासन लगातार मोर्चा संभाले हुए हैं। सुरक्षा व्यवस्था में कोई चूक न रहे इसको लेकर पुलिस अधीक्षक सिरमौर डॉ. केसी शर्मा ने अपनी टीम के साथ स्वयं मोर्चा संभाला है।
पुलिस अधीक्षक सिरमौर ने संबंधित थाना प्रभारियों के साथ बीते रात्रि को जिले के बैरियर का निरीक्षण किया और सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने बैरियर पर तैनात पुलिस टीम के साथ बातचीत की और आवश्यक दिशा निर्देश भी दिए। उधर पुलिस अधीक्षक ने लोगों से भी अपील की है कि वह नाइट कर्फ्यू के दौरान घर से बाहर ना निकले।
पुलिस अधीक्षक ने पांवटा साहिब, माजरा, कालाअंब थाना प्रभारियों के साथ मंगलवार रात्रि यमुना ब्रिज, बहराल बैरियर, खोदरी माजरी, मीनसपुल, हरिपुरखोल, कालाअंब, सुकेती रोड़ कालाअंब, माजरी, धमेशा और मेहलप्रीतनगर नाकों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने नाकों पर तैनात पुलिस टीम को आपाताकालीन सेवाओं के अलावा बाहरी राज्यों से किसी भी वाहन व लोगों को न आने देने के निर्देश दिए।
