नाहन (हिमाचलवार्ता)। कोविड-19 की स्थिति की समीक्षा बैठक के लिए मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर सिरमौर जिला मुख्यालय नाहन पहुंचे इस दौरान मुख्यमंत्री ने कोविड-19 आइसोलेशन सेंटर व निर्माणाधीन मेडिकल कॉलेज भवन का भी दौरा किया।प्रशासन के साथ हुई बैठक के बाद मीडिया से बात करते हुए मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने कहा कि सिरमौर जिला में बढ़ते कोरोना संक्रमण के मामलों को देखते हुए जिला में बिस्तरों की संख्या बढ़ाने के निर्देश प्रशासन को दिए गए है और पहले चरण में जिला में 110 बिस्तरों की व्यवस्था की जाएगी। जिस के लिए स्थान भी चिन्हित किए गए है। उन्होंने कहा कि जिला में स्टाफ की अतिरिक्त व्यवस्था की जा रही है जिसके तहत 50 स्टाफ नर्स, 20 वार्ड बॉय और कुछ चिकित्सकों की नियुक्ति की जानी है।
मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि बाहरी राज्यों से आने वाले लोगों के कारण संक्रमण की संख्या में ज्यादा इजाफा हो रहा है।
जिसे देखते हुए प्रशासन को निर्देश दिए गए कि बाहरी राज्यों से आने वाले लोगों की निगरानी पर विशेष ध्यान दिया जाए और इसके लिए चुने हुए प्रतिनिधियों की भी मदद ली जाए ताकि यह लोग सरकार द्वारा जारी कोविड-19 प्रोटोकोल का पालन करें।
गौर हो कि सिरमौर जिला में कोरोना संक्रमितों की संख्या लगातार बढ़ रही है जिला में पिछले 24 घंटों में कोरोना से जहां 7 लोगों की मौत हुई है। वही 200 से अधिक नए कोरोना संक्रमण के मामले सामने आए है।
