नाहन (हिमाचलवार्ता)। पांवटा साहिब में एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो जाने का मामला संज्ञान में आया है। मृतक युवक की पहचान 22 वर्षीय आकाश निवासी गांव घुतनपुर के रूप में हुई है। वहीं पुलिस को जैसे ही घटना की सूचना मिली उन्होंने तुरंत शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
जानकारी के अनुसार मृतक युवक के जीजा दीपक कुमार ने पुलिस को बताया कि उसका साला कबाड़ी का काम करता था। वह देर रात नशे में धुत होकर घर आया और कमरे में चला गया। अचानक तबीयत बिगड़ने पर परिजन उसे सिविल अस्पताल ले आए, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
उधर, डीएसपी बीर बहादुर ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई है। उन्होंने कहा कि युवक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है, रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का पता चल पाएगा।
