ड्रग डिपार्टमेंट ने शो कॉज नोटिस के साथ दवा निर्माण पर लगाया प्रतिबंध
नाहन (हिमाचलवार्ता)। पांवटा साहिब के देवी नगर में यूनीक फॉर्मूलेशन दवा कंपनी के मालिक मोनिश मोहन को गिरफ्तार कर लिया गया है। गिरफ्तार दवा कंपनी के मालिक को पंजाब पुलिस अपने साथ ले गई है। जबकि देर सुबह 3:00 बजे तक जांच में जुटी एडिशनल ड्रग कंट्रोलर सनी कौशल की टीम ने फैक्ट्री प्रबंधन को शो कॉज नोटिस के साथ दवा निर्माण पर प्रतिबंध लगा दिया है।
बता दें कि बीते 18 मई को अमृतसर में 50,000 नशे के कैप्सूल के साथ आरोपियों को गिरफ्तार किया था। मामला पंजाब के फत्तेवाल पुलिस स्टेशन में एफआईआर संख्या 51/ 2021 दर्ज किया गया था। इतनी भारी मात्रा में बरामद ट्रामाडोल दवा के बाद पंजाब पुलिस के भी होश उड़ गए थे। पूछताछ में पता चला कि दर्द के लिए बनी दवा जिसका इस्तेमाल नशे के तौर पर किया जाता है वह पांवटा साहिब में तैयार हुई थी।
कल देर शाम को पंजाब पुलिस ने पांवटा साहिब थाने में इसकी सूचना दी। जिसके बाद पुलिस और ड्रग डिपार्टमेंट के सहयोग से पूरी रात फैक्ट्री का रिकॉर्ड खंगाला गया। फैक्ट्री मालिक जिस फर्म को दवा दी गई थी उसका पूरा रिकॉर्ड नहीं दे पाया। जिसके बाद ड्रग डिपार्टमेंट का शक और गहरा गया। जांच के बाद अनियमितताएं भी पाई गई।
फैक्ट्री में दवा का रॉ मैटेरियल व तैयार दवाएं भी मौजूद थी। सहायक दवा नियंत्रक के द्वारा की गई कार्रवाई के बाद फैक्ट्री प्रबंधन को शो कॉज नोटिस देते हुए फिलहाल प्रोडक्शन पर रोक लगा दी गई है।
खबर की पुष्टि सहायक दवा नियंत्रक सनी कौशल के द्वारा की गई है।
