शिमला ( हिमाचलवार्ता न्यूज़ ) मौसम विज्ञान केंद्र शिमला ने अनुमान लगाया है कि प्रदेश में पहली सितंबर तक भारी बारिश की कोई संभावना नहीं है। हालांकि इस दौरान प्रदेश में कहीं-कहीं बारिश की हल्की बौछारें गिर सकती हैं, लेकिन भारी बारिश के कोई आसार नहीं है और 30 व 31 अगस्त को मौसम पूरी तरह से साफ रहेगा। इन दो दिनों में प्रदेश में धूप खिलने का पूर्वानुमान जताया गया है। वहीं हिमाचल में मानसून कब तक रहेगा, इस पर अभी स्थिति स्पष्ट नहीं है। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के निदेशक सुरेंद्र पॉल ने बताया कि एक सप्ताह के बाद इस बारे में स्पष्ट होगा कि मानसून हिमाचल को कब अलविदा कहेगा। इस बार मानसून ने हिमाचल प्रदेश को गहरे जख्म दिए हैं।प्रदेश में भारी बारिश के कारण तबाही का मंजर देखने को मिला है। राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण की ओर से जारी रिपोर्ट के अनुसार प्रदेश में मानसून के दौरान हुई दुर्घटनाओं में कुल 376 लोगों की मौत हुई है। इनमें से 141 मौतें केंद्र सरकार की ओर से अधिसूचित आपदाओं में हुई हैं। इनमें भू-स्खलन, बाढ़ व बादल फटने की घटनाएं शामिल हैं। 235 मौतें राज्य सरकार की ओर से अधिसूचित आपदाओं में हुई हैं। इनमें सडक़ हादसे, आग लगने की घटनाएं, डूबने की घटनाएं, बाढ़, बादल फटने समेत कई अन्य दुर्घटनाएं शामिल हैं। इसके अलावा 349 लोग घायल हैं और 40 लोग लापता हैं। इस बीच बारिश और बाढ़ के बाद भी प्रदेश में हालात अभी सुधरे नहीं हैं। सबसे बड़ी चुनौती कुल्लू जिला के लिए मुख्य मार्ग बहाली रही है। शनिवार को चंडीगढ़ मनाली राष्ट्रीय राजमार्ग पर 12 अगस्त मंडी पंडोह के बीच बंद हुए एनएच पर 14 दिनों की कड़ी मेहनत के बाद प्रशासन व एनएचएआई ने सिंगल लेन टै्रफिक बहाल कर दिया है। शनिवार को देर शाम 14 दिनों के लंबे अंतराल के बाद आंशिक रूप से मार्ग को बहाल किया जा सका। वहीं इससे पहले पांच दिनों बाद पंडोह डैम के पास कैंची मोड़ पर अस्थाई मार्ग को यातायात के लिए बहाल किया गया, जिसके बाद कुल्लू की तरफ से छोटे सैकड़ों वाहनों को पंडोह से चैलचौक होकर निकाला गया। एक और मुख्य वैकल्पिक मार्ग मंडी-कटौला भी बंद है और कुल्लू व लाहुल-स्पीति में आवश्यक वस्तुओं की कमी महसूस होने लगी है। पेट्रोल-डीजल बड़ी मुश्किल से मिल रहा है। उधर, नालागढ़ की रामशहर तहसील के तीन गांव लगातार धंस रहे हैं। यहां जमीन के साथ-साथ ज्यादातर घरों में दरारें आ चुकीं हैं।
Breakng
- चिट्टा मुक्त हिमाचल अभियान’ के तहत जागरूकता कार्यक्रम आयोजित
- शिवानी की अध्यक्षता में आयोजित हुई जिला परिषद की बैठक
- वृक्षारोपण पारिस्थितिकी संतुलन बनाए रखने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम – शरद कुमार लगवाल
- सड़कें ग्रामीण क्षेत्रों के समग्र विकास की आधारभूत संरचना – संजय अवस्थी
- 19 व 20 जुलाई को विद्युत आपूर्ति बाधित
- सिरमौर में होगा मेगा जिला स्तरीय ‘‘नशा मुक्त युवा-विकसित भारत’’ कार्यक्रम का आयोजन, 24 जुलाई तक करना होगा पंजीकरण।
Thursday, July 23
