औद्योगिक क्षेत्र कालाअंब के दवा उद्योग को नोटिस, बंद किया उत्पादन
नाहन। औद्योगिक क्षेत्र कालाअंब के एक उद्योग में एक साथ पांच कोरोना संक्रमित मिलने के बाद प्रशासन हरकत में आ गया है। उद्योग प्रबंधन को नोटिस जारी कर आगामी आदेश तक उद्योग को बंद रखने के आदेश दिए हैं। इस दौरान उद्योग में किसी तरह का उत्पादन नहीं होगा।
उद्योग क्षेत्र को सैनिटाइज करने के भी आदेश दिए हैं। कालाअंब के विभिन्न उद्योगों में एक के बाद एक पॉजिटिव मामले सामने आ रहे हैं। सबसे पहले एक फार्मा उद्योग में आठ मामले आए थे। उसके बाद पिछले सप्ताह एक पैकेजिंग उद्योग के दो कामगार पॉजिटिव पाए गए।
अब एक अन्य फार्मा उद्योग में एक साथ पांच कर्मचारी संक्रमित पाए गए हैं। इसकी रिपोर्ट रविवार देर रात को आई है। पांचों कर्मचारी नाहन शहर से संबंधित हैं। दो दिन पहले ही दवा उद्योग में एक महिला कर्मचारी की रिपोर्ट पॉजिटिव आई थी।
इसके बाद उद्योग को बंद कर दिया गया था। सभी कर्मचारियों के कोरोना टेस्ट करवाए गए। इनमें 5 कामगार पॉजिटिव पाए गए। जिला प्रशासन ने उद्योग को नोटिस जारी किया है। पता लगाया जा रहा है कि उद्योग में कितने कर्मचारी काम कर रहे थे। कितने कर्मचारियों के कोरोना टेस्ट हुए हैं।
तहसीलदार नाहन मायाराम ने बताया कि उक्त उद्योग को नोटिस जारी किया है। तब तक उद्योग बंद रखने के आदेश दिए हैं, जब तक सभी कर्मचारियों के कोरोना टेस्ट नहीं हो जाते। उद्योग को सैनिटाइज करवाया जा रहा है।