नाहन( हिमाचल वार्ता न्यूज) अरिहंत इंटरनेशनल विद्यालय, नाहन में बाल दिवस हर्षोल्लास, उत्साह और उमंग के साथ मनाया गया। इस अवसर पर विद्यालय में विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें विद्यार्थियों ने विभिन्न गतिविधियों एवं प्रस्तुतियों के माध्यम से अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। कार्यक्रम का शुभारंभ देश के प्रथम प्रधानमंत्री पंडित जवाहरलाल नेहरू के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर किया गया। इस दौरान उनके बाल-प्रेम, शिक्षा के क्षेत्र में योगदान तथा राष्ट्र निर्माण के प्रति उनके दृष्टिकोण को स्मरण किया गया।
कार्यक्रम के अंतर्गत आयोजित विशेष प्रार्थना सभा में विद्यार्थियों को पंडित जवाहरलाल नेहरू के जीवन एवं व्यक्तित्व पर आधारित एक प्रेरणादायक लघु फिल्म दिखाई गई। इसके माध्यम से विद्यार्थियों को उनके जीवन के महत्वपूर्ण प्रसंगों, स्वतंत्रता संग्राम में उनकी भूमिका, राष्ट्र के विकास में योगदान तथा बच्चों के प्रति उनके विशेष स्नेह से परिचित करवाया गया।
इस अवसर पर कक्षा नौवीं के विद्यार्थी आरव तथा कक्षा ग्यारहवीं (विज्ञान संकाय) की पूर्वा ने चाचा नेहरू के जीवन एवं व्यक्तित्व पर प्रभावशाली भाषण प्रस्तुत किए। दोनों विद्यार्थियों ने अपने विचारों के माध्यम से नेहरू जी के जीवन के विभिन्न पहलुओं, उनके आदर्शों, राष्ट्र निर्माण में योगदान और बच्चों के प्रति उनके आत्मीय लगाव को प्रभावी ढंग से अभिव्यक्त किया। उनकी प्रस्तुतियों ने उपस्थित सभी लोगों का ध्यान आकर्षित किया।
कार्यक्रम में नर्सरी से कक्षा दूसरी तक के नन्हे विद्यार्थियों ने भी विभिन्न मनमोहक प्रस्तुतियों के माध्यम से अपनी प्रतिभा और उत्साह का परिचय दिया। बच्चों की आकर्षक प्रस्तुतियों ने समारोह में विशेष रंग भर दिया और उपस्थित दर्शकों का मन मोह लिया। बाल दिवस के अवसर को और अधिक यादगार बनाने के लिए अभिभावकों हेतु भी विभिन्न मनोरंजक एवं सहभागितापूर्ण गतिविधियों का आयोजन किया गया, जिसमें उन्होंने उत्साहपूर्वक भाग लिया। इस पहल ने विद्यालय, विद्यार्थियों और अभिभावकों के बीच आपसी जुड़ाव एवं सहभागिता को और मजबूत बनाया।
विद्यालय की प्रधानाचार्या श्रीमती *स्टिमी मारिया* ने विद्यार्थियों को बाल दिवस की शुभकामनाएँ देते हुए कहा कि बच्चे राष्ट्र का भविष्य हैं। उन्हें गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, अच्छे संस्कार और सकारात्मक वातावरण प्रदान करना हम सभी का दायित्व है। उन्होंने विद्यार्थियों को जिज्ञासु, रचनात्मक एवं जिम्मेदार नागरिक बनने के लिए प्रेरित किया।
विद्यालय के चेयरमैन *श्री अनिल जैन,* सचिव श्री *सचिन जैन* तथा अतिरिक्त कार्यभार देख रहे श्री *सम्यक जैन* ने भी विद्यार्थियों को बाल दिवस की शुभकामनाएँ देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने कहा कि बच्चों की प्रतिभा को निखारना, उन्हें उचित अवसर प्रदान करना और उनके सर्वांगीण विकास को सुनिश्चित करना विद्यालय प्रबंधन की प्राथमिकता है।
संक्षिप्त रूप से यह आयोजन विद्यार्थियों के लिए मनोरंजन के साथ-साथ प्रेरणा और सीख का भी माध्यम बना। कार्यक्रम ने सभी को यह संदेश दिया कि बचपन जीवन का सबसे अनमोल समय है और बच्चों की खुशियों, सपनों तथा प्रतिभाओं को संजोना हम सभी का सामूहिक दायित्व है।
Breakng
- अरिहंत इंटरनेशनल विद्यालय नाहन में बाल दिवस पर विशेष आयोजन, नेहरू के आदर्शों को किया याद
- युवा नशे से दूर रहकर अपनी ऊर्जा खेलकूद एवं रचनात्मक गतिविधियों में लगाएं -संजय अवस्थी
- मुख्यमंत्री अपना परिवार सुखी परिवार योजना के तहत 16 से 18 नवंबर तक होंगी विशेष ग्राम सभाएं
- उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री को अंतरराष्ट्रीय श्री रेणुकाजी मेला-2026 के शुभारंभ हेतु किया आमंत्रित
- कैंपस इंटरव्यू के माध्यम से भरे जाएंगे 350 पद
- बड़वास-चौकी मिरगवाल सड़क पर उपलब्ध खनिज सामग्री की 17 नवंबर को होगी नीलामी
Saturday, November 14
